नमक किसी भी रसोई का ऐसा हिस्सा है जिसके बिना खाने का स्वाद अधूरा लगता है। दाल हो, सब्जी हो या सलाद, एक चुटकी नमक पूरे स्वाद को बदल देती है। वैसे क्या आप जानते हैं कि रोजाना इस्तेमाल होने वाला साधारण नमक सिर्फ खाना बनाने तक सीमित नहीं है? घर की सफाई से लेकर बदबू दूर करने और कई छोटे घरेलू कामों में भी नमक बेहद उपयोगी साबित हो सकता है। आइए जानते हैं नमक के ऐसे आसान इस्तेमाल, जो आपके घर के कई कामों को आसान बना सकते हैं।
चिकनाई का दुश्मन
अगर कड़ाही या पैन में तेल की चिकनाई जम गई है और उसे साफ करना मुश्किल हो रहा है तो नमक आपकी मदद कर सकता है। नमक के दाने हल्के स्क्रब की तरह काम करते हैं, जो जमी हुई गंदगी और चिकनाई को हटाने में मदद करते हैं। खासकर लोहे के तवे या कास्ट आयरन पैन की सफाई में नमक का इस्तेमाल किया जा सकता है, क्योंकि यह उनकी सतह को ज्यादा नुकसान पहुंचाए बिना सफाई करता है।
कटिंग बोर्ड की बदबू को करे दूर
लकड़ी के कटिंग बोर्ड पर प्याज, लहसुन या मांस जैसी चीजों की गंध लंबे समय तक रह सकती है। इसे दूर करने के लिए कटिंग बोर्ड पर थोड़ा नमक छिड़कें और आधे नींबू से रगड़ें। नमक और नींबू का यह मिक्सचर सतह की गंदगी और दुर्गंध को कम करने में मदद करता है। इसके बाद बोर्ड को पानी से अच्छी तरह धो लें।
फ्रिज और घर की बदबू भी करे दूर
अगर फ्रिज, कूड़ेदान या जूतों से आने वाली बदबू परेशान करती है तो नमक एक आसान उपाय हो सकता है। नमक नमी को सोखने की क्षमता रखता है, जिससे दुर्गंध कम करने में मदद मिल सकती है। फ्रिज के किसी कोने में नमक से भरा छोटा कटोरा रखने से भी गंध को नियंत्रित करने में मदद मिल सकती है।
सब्जियों और फलों का रंग बचाने में उपयोगी
सेब, आलू या बैंगन जैसी कई चीजें काटने के बाद हवा के संपर्क में आने से जल्दी भूरी पड़ने लगती हैं। इन्हें कुछ देर हल्के नमक वाले पानी में रखने से रंग बदलने की प्रक्रिया धीमी हो सकती है। यह तरीका खासतौर पर तब उपयोगी होता है जब आपको खाना पहले से तैयार करके रखना हो।
किचन स्पंज को करे फ्रेश
किचन में इस्तेमाल होने वाले स्पंज और स्क्रबर में नमी और खाने के कणों की वजह से बदबू आने लगती है। इन्हें नमक मिले गुनगुने पानी में कुछ घंटों के लिए भिगोने से दुर्गंध कम हो सकती है और इन्हें ज्यादा समय तक इस्तेमाल किया जा सकता है।
कीड़ों से बचाव में भी मददगार
कुछ घरेलू परिस्थितियों में नमक का इस्तेमाल चींटियों या छोटे कीड़ों को दूर रखने के लिए भी किया जाता है। घर के उन हिस्सों में जहां अक्सर कीड़े दिखाई देते हैं, वहां नमक की हल्की परत डालना बेहद पुराना घरेलू उपाय है।
