Diwali 2026: दीपावाली आते ही सबसे पहले दिमाग में यही सवाल आता है कि आखिर इस बार पहना क्या जाए? हर साल वही भारी-भरकम सूट, चमकती साड़ियां और ढेर सारी कढ़ाई वाले कपड़े पहनना जरूरी तो नहीं! अगर आप भी इस बार कुछ अलग, कम्फर्टेबल और स्टाइलिश पहनना चाहते हैं, तो फेस्टिव शर्ट्स इस सीजन का ट्रेंडी पिक हो सकती हैं। करीना, दीपिका से लेकर माधुरी तक ने फेस्टिव शर्ट्स के साथ वाले लुक फ्लॉन्ट किए हैं।
टाइम्स नाऊ नवभारत पर यह पढ़ें - दिवाली लुक के साथ एकदम परफेक्ट लगेगा ये DIY पोटली बैग, क्राफ्टर अदिति ने शेयर किया मिनटों वाला हैक
घर पर पूजा हो, दोस्तों के साथ दिवाली पार्टी हो या परिवार के साथ डिनर, इस तरह की फेस्टिव शर्ट्स हर ओकेजन पर स्टाइल की जा सकती हैं। खास बात यह भी है कि इसमें आपको सजने-संवरने के लिए घंटों मेहनत नहीं करनी पड़ती। बस सही शर्ट चुनकर, उसे आप लहंगा, पलाजो या शरारा के साथ फेस्टिव ग्लैम लुक में स्टाइल कर सकते हैं।
1. एथनिक प्रिंट वाली शर्ट्स से बनाएं खास लुक
अगर आपको देसी कपड़े पसंद हैं, लेकिन पारंपरिक पहनावे में ज्यादा सजना नहीं चाहते, तो एथनिक प्रिंट शर्ट्स अच्छा विकल्प हैं। ब्लॉक प्रिंट, बूटेदार डिजाइन, फूलों की आकृतियां और पारंपरिक मोटिफ वाली शर्ट्स त्योहार के माहौल के साथ खूब जंचती हैं। इन्हें सीधे पैंट, जींस या प्लेन ट्राउजर के साथ पहन सकते हैं। एक छोटी सी बिंदी या हल्की ज्वेलरी आपके लुक में चार चांद लगा सकती है।
2. एम्ब्रॉयडरी वाली शर्ट्स का अलग अंदाज
कपड़ों पर हल्की कढ़ाई हमेशा खूबसूरत लगती है। कॉलर, स्लीव्स या फ्रंट पर की गई बारीक एम्ब्रॉयडरी वाली शर्ट्स उन लोगों के लिए बढ़िया हैं जिन्हें सादगी में भी थोड़ा फेस्टिव टच चाहिए। इन्हें पहनकर आप बिना ज्यादा एक्स्ट्रा दिखे आकर्षक नजर आ सकते हैं।
3. सैटिन और शिमरी शर्ट्स से आएगा ग्लैमरस टच
दिवाली की शाम थोड़ी चमक तो बनती है! सैटिन और हल्की शिमर वाली शर्ट्स इस मौके के लिए शानदार हो सकती हैं। गोल्डन, वाइन, एमराल्ड ग्रीन और कॉपर जैसे रंग त्योहार की रोशनी में बेहद खूबसूरत दिखते हैं। इन्हें सिंपल बॉटम्स के साथ पहनें ताकि पूरा लुक संतुलित रहे।
4. ओवरसाइज्ड शर्ट्स भी हैं बढ़िया विकल्प
हर फेस्टिव आउटफिट फिटेड हो, यह जरूरी नहीं। ओवरसाइज्ड शर्ट्स आराम के साथ एक कूल और मॉडर्न अंदाज देती हैं। इन्हें स्ट्रेट पैंट, पलाजो या बेल्ट के साथ स्टाइल किया जा सकता है। खासकर उन लोगों के लिए यह अच्छा विकल्प है जो त्योहार पर तैयार भी होना चाहते हैं और आराम भी नहीं छोड़ना चाहते।
5. अपनी पुरानी शर्ट को भी दें नया फेस्टिव ट्विस्ट
हर बार त्योहार के लिए नए कपड़े खरीदना जरूरी नहीं। अपनी अलमारी में रखी सफेद, क्रीम या सॉलिड रंग की शर्ट निकालिए। उसके साथ रंगीन दुपट्टा, स्टेटमेंट नेकलेस, झुमके या प्रिंटेड जैकेट जोड़ दीजिए। चाहें तो शर्ट की स्लीव्स को थोड़ा फोल्ड करके नया अंदाज भी बना सकते हैं। इस तरह कम खर्च में आपका फेस्टिव लुक बिल्कुल नया नजर आएगा।
