How to Say No: क्या आपके साथ भी ऐसा होता है कि आप चाह कर भी किसी को ना नहीं बोल पाते। या सिर्फ इसलिए हां बोल देते हैं ताकि सामने वाला नाराज ना हो जाए। कोई आपसे मदद मांगे, एक्स्ट्रा काम दे दे या अपनी जिम्मेदारी आपके ऊपर डाल दे.., फिर भी आप ना नहीं कह पाते तो ये एक समस्या है। दरअसल बार-बार की ये आदत हमारी मानसिक शांति और सेल्फ रेस्पेक्ट दोनों छीन लेती है।
ऐसे में जरूरी है ये सीखना कि अगर किसी चीज में आपकी ना है तो उस ना कैसे बोलें। मन मारकर सामने वाले की हां में हां मिला देना एक दोष है। ना नहीं बोल पाने की समस्या को आप इन तरीकों से दूर कर सकते हैं:
हर बार की 'हां' नहीं है ठीक
लोग अकसर सोचते हैं कि हर किसी की मदद करना अच्छा स्वभाव है। यह सही भी है, लेकिन जब आपकी अपनी जरूरतें, समय और मानसिक शांति प्रभावित होने लगे, तब यह आदत नुकसानदायक बन सकती है। हर समय दूसरों को खुश रखने की कोशिश अगर आप पर ही बुरा असर डाले तो इसे छोड़ देना ही बेहतर है।
No कहने से ना डरें
कई लोगों को डर होता है कि अगर उन्होंने मना कर दिया तो लोग उन्हें बुरा समझेंगे, रिश्ता खराब हो जाएगा या सामने वाला नाराज हो जाएगा। कुछ लोग बचपन से ही सबको खुश रखने की आदत सीख लेते हैं। लेकिन सच यह है कि हर रिश्ते में आपकी सीमाएं भी जरूरी होती हैं।
आपको समझना होगा कि किसी को 'ना'कहना बदतमीजी नहीं, अपनी जरूरतों और समय का सम्मान करना है। अगर कोई काम आपके लिए संभव नहीं है, तो विनम्रता से मना करना बिल्कुल सही है।
हर समस्या में कूदना जरूरी नहीं
कई बार लोग दूसरों की हर परेशानी को अपनी जिम्मेदारी मान लेते हैं। लेकिन जरूरी नहीं कि हर बार आप ही सब कुछ संभालें। खुद को लगातार दबाव में रखना आपकी मानसिक सेहत पर असर डाल सकता है।
खुद को प्राथमिकता देना जरूरी
अगर आप हमेशा दूसरों के लिए उपलब्ध रहेंगे और खुद की जरूरतों को नजरंदाज करेंगे, तो एक समय बाद मानसिक थकान और चिड़चिड़ापन बढ़ सकता है। इसलिए अपने आराम, समय और खुशी को भी उतनी ही अहमियत दें।
जिस दिन ऊपर बताई बातों को आप समझ जाएंगे उस दिन खुद जान जाएंगे कि किसी को 'No' कहना उससे रिश्ते तोड़ना नहीं, खुद को टूटने से बचाना है।
