Protein Rich Breakfast: कम समय में अगर आप प्रोटीन से भरपूर नाश्ता चाहते हैं तो शाकशुका आपके लिए शानदार विकल्प है। स्वादिष्ट होने के साथ-साथ ही शाकशुका (Shakshuka) प्रोटीन से भरपूर भी है जो इसे बेहद खास बनाती है। यह डिश अंडे और सब्जियों से तैयार की जाती है, जिससे आपको भरपूर मात्रा में प्रोटीन, विटामिन और मिनरल्स मिल जाते हैं। इसे बनाने में ज्यादा समय नहीं लगता। कुछ ही मिनटों में और थोड़ी सी तैयारी के साथ आप इसे फटाफट से बना सकते हैं। आइए जानते हैं शाकशुका बनाने की आसान विधि और इसके फायदे।
क्या है शाकशुका और क्यों है यह हेल्दी?
शाकशुका को टमाटर की मसालेदार ग्रेवी में अंडे डालकर बनाया जाता है। इसे बनाने के लिए प्याज, शिमला मिर्च, टमाटर और कई तरह के मसालों का इस्तेमाल किया जाता है। अंडे में मौजूद हाई क्वालिटी प्रोटीन मांसपेशियों को मजबूत बनाता है वहीं, सब्जियों से शरीर को फाइबर, एंटीऑक्सीडेंट और जरूरी पोषक तत्व मिल जाते हैं। अगर आप जिम जाते हैं तो जान लें कि शाकशुका आपके लिए एक अच्छा प्रोटीन रिच ब्रेकफास्ट है।
शाकशुका बनाने के लिए जरूरी सामग्री
घर पर शाकशुका बनाने के लिए आपको ज्यादा चीजों की जरूरत नहीं पड़ेगी। इसके लिए आप- 2 से 3 अंडे, 2 बड़े टमाटर बारीक कटे हुए, 1 प्याज बारीक कटा हुआ, 1 शिमला मिर्च कटी हुई, 2 से 3 लहसुन की कलियां बारीक कटी हुई 1 चम्मच तेल या ऑलिव ऑयल, आधा चम्मच जीरा, आधा चम्मच लाल मिर्च पाउडर, आधा चम्मच काली मिर्च पाउडर हल्दी की एक चुटकी, नमक स्वाद अनुसार, थोड़ा हरा धनिया (सजाने के लिए) का इस्तेमाल कर सकते हैं। चाहें तो इसमें पालक, मशरूम या अपनी पसंद की अन्य सब्जियां भी मिला सकते हैं।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: बच्चों में पेंसिल चबाने की आदत कैसे छुड़ाएं
शाकशुका बनाने की आसान विधि
एक पैन में तेल गर्म करें इसके बाद इसमें कटे हुए प्याज और लहसुन डालकर हल्का सुनहरा होने तक भूनें। शिमला मिर्च डालकर इसे कुछ मिनटों तक पकाएं। शिमला मिर्च पक जाए तो कटे हुए टमाटर की ग्रेवी इसमें एड करें। इसके बाद नमक, लाल मिर्च, हल्दी और काली मिर्च डालकर इसे अच्छे से मिला लें। टमाटर को तब तक पकाएं जब तक वह ग्रेवी का रूप न ले लें। अब तैयार ग्रेवी में चम्मच की मदद से छोटे-छोटे गड्ढे बनाएं और उनमें अंडे फोड़कर डाल दें। पैन को ढककर धीमी आंच पर कुछ मिनट तक पकाएं। जब अंडे का सफेद हिस्सा पूरी तरह पक जाए तो गैस बंद कर दें। ऊपर से हरा धनिया डालकर गर्मागर्म शाकशुका सर्व करें।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: पढ़ाई का नाम सुनते ही नहीं रोएगा बच्चा, अपनाएं ये ट्रिक
शाकशुका खाने के फायदे
शाकशुका में अंडा मौजूद होता है जो शरीर को पर्याप्त प्रोटीन देता है। आप अपने हिसाब से 4 या फिर 5 अंडे भी डाल सकते हैं। अंडे मांसपेशियों की ग्रोथ और रिकवरी में मदद करते हैं। टमाटर में लाइकोपीन नामक एंटीऑक्सीडेंट पाया जाता है, जो शरीर को फ्री रेडिकल्स से बचाने में मदद करता है। वहीं, सब्जियों में मौजूद फाइबर पाचन तंत्र को बेहतर रखने में मदद करता है। इसे ब्रेड, रोटी या मल्टीग्रेन टोस्ट के साथ खा सकते हैं।
