लाइफस्टाइल

घर में ORS कैसे बनाएं? डिहाइड्रेशन के समय काम आएगा ये आसान घरेलू घोल

दस्त, उल्टी या शरीर में पानी की कमी होने पर ORS डिहाइड्रेशन से बचाने में मदद करता है। अगर बाजार वाला ORS उपलब्ध न हो, तो घर पर भी खास घोल बना सकते हैं। देखें घर पर ORS कैसे बनाएं।

Image

How to make ors at home

गर्मी हो या बारिश, दस्त और उल्टी जैसी परेशानी कभी भी हो सकती है। ऐसे समय शरीर से सिर्फ पानी ही नहीं, बल्कि जरूरी नमक और दूसरे इलेक्ट्रोलाइट्स भी निकलते हैं। यही वजह है कि केवल पानी पीना हर बार पर्याप्त नहीं होता। ORS यानी Oral Rehydration Solution शरीर में खोए पानी औरइलेक्ट्रोलाइट्स की भरपाई करने में मदद करता है।

WHO के अनुसार, अगर ORS का पैकेट उपलब्ध नहीं है, तो घर पर भी चीनी और नमक की मदद से इसका घोल तैयार किया जा सकता है। लेकिन यहां सबसे जरूरी चीज है सही मात्रा। नमक या चीनी अंदाज से ज्यादा डालना सही नहीं है। इसलिए आज रसोई में मौजूद इन दो साधारण चीजों से ORS जैसा घरेलू घोल बनाने का आसान तरीका समझते हैं। साथ ही जानें इसे बनाते समय कौन-सी छोटी गलतियां बिल्कुल नहीं करनी चाहिए।

घर पर ORS बनाने के लिए क्या चाहिए?

  • 1 लीटर साफ पीने का पानी
  • 6 छोटी चम्मच चीनी
  • आधी छोटी चम्मच नमक

स्वाद कैसा होना चाहिए?

घोल बहुत ज्यादा नमकीन नहीं होना चाहिए। अगर गलती से नमक ज्यादा पड़ गया है, तो उसे पीने के लिए इस्तेमाल करने के बजाय नया घोल बनाना बेहतर है। अंदाज से नमक डालने की बजाय आधी छोटी चम्मच की सही मात्रा नापना सबसे जरूरी है।

साथ ही ये भी ध्यान रखें कि, घर का ORS स्वाद के लिए नहीं, बल्कि शरीर में पानी और जरूरी इलेक्ट्रोलाइट्स की कमी पूरी करने के लिए है। इसमें नींबू, ग्लूकोज पाउडर, जूस या एक्स्ट्रा चीनी अपनी तरफ से मिलाने की जरूरत नहीं है। जितना आसान फॉर्मूला, उतना बेहतर।

ORS बनाकर कितनी देर रखें?

घोल को साफ और ढके हुए बर्तन में रखें और लंबे समय तक बचाकर न रखें। WHO की सामग्री में तैयार घरेलू घोल को 24 घंटे के भीतर इस्तेमाल करने और बचा हुआ घोल फेंकने की सलाह दी गई है।

हालांकि जहां संभव हो, तैयार ORS पैकेट को उसके पैकेट पर लिखे निर्देश के अनुसार बनाना ज्यादा सुविधाजनक रहता है।

Avni Bagrola
अवनी बागरोलाauthor

अवनी बागरोला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के लाइफस्टाइल सेक्शन में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं। फैशन, ब्यूटी, ट्रेंड्स, पर्सनल स्टाइलिंग और आधुनिक जीवनशैली से जुड़े कंटेंट पर उनकी मजबूत पकड़ उन्हें युवा और स्टाइल-सेवी ऑडियंस के बीच खास पहचान दिलाती है। अवनी की लेखन शैली सरल, ट्रेंडी और यूज़र-फ्रेंडली है, जो पाठकों को तेजी से बदलते फैशन व लाइफस्टाइल ट्रेंड्स को समझने में मदद करती है। अब तक 2,500 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुकी अवनी क्रिएटिव अप्रोच, अपडेटेड नॉलेज और रियल-टाइम ट्रेंड सेंस के लिए जानी जाती हैं।

और पढ़ें
End of Article