Shoes Washing Tips: सफेद जूते हमेशा से स्टाइल और क्लास का सिंबल माने जाते हैं और ये लगभग हर आउटफिट के साथ आसानी से मैच हो जाते हैं। शुरुआत में ये बेहद चमकदार और आकर्षक दिखते हैं, लेकिन समय के साथ इनकी सफेदी फीकी पड़ने लगती है और इनमें पीलापन झलकने लगता है, जिससे पूरा लुक बिगड़ जाता है। कई बार बार-बार सफाई करने के बाद भी ये दाग और पीलापन पूरी तरह हट नहीं पाते, यही वजह है कि कुछ लोग सफेद जूते खरीदने से भी कतराते हैं।
हालांकि सफेद जूते पहनना तो हर किसी को पसंद होता है, लेकिन उन्हें लंबे समय तक नया जैसा बनाए रखना थोड़ा मुश्किल जरूर लगता है। अगर आपके व्हाइट शूज भी अब पीले पड़ चुके हैं, तो घबराने की जरूरत नहीं है। कुछ आसान और असरदार हैक्स की मदद से आप अपने जूतों की खोई हुई चमक वापस ला सकते हैं और उन्हें फिर से बिल्कुल नए जैसा बना सकते हैं। नोट करें सफेद जूतों को साफ (White Shoes Cleaning Tips) करने के आसान टिप्स...
पहले करें ड्राई क्लीनिंग
जूते धोने से पहले उनकी सूखी सफाई करना बेहद जरूरी है। सबसे पहले उन पर जमी धूल और मिट्टी को हटाएं। इसके लिए सूखा ब्रश, पुराना टूथब्रश या साफ कपड़ा लें और हल्के हाथों से जूतों को रगड़ें, ताकि ऊपर की गंदगी आसानी से निकल जाए। अगर आप बिना ड्राई क्लीनिंग के सीधे जूते गीले कर देंगे, तो गंदगी और फैल सकती है। साथ ही, जूतों के लेस निकालकर अलग से साफ करना न भूलें।
माइसेलर वाटर ट्रिक
माइसेलर वाटर सिर्फ चेहरे की सफाई के लिए ही नहीं, बल्कि सफेद जूतों को चमकाने में भी बेहद कारगर है। कॉटन या साफ कपड़े पर थोड़ा माइसेलर वाटर लें और जूतों की सतह पर धीरे-धीरे रगड़ें। खासकर रबर सोल, किनारों और जिद्दी दागों पर यह शानदार तरीके से काम करता है। इससे जूतों का रंग बिना नुकसान के साफ होने लगता है और यह लेदर व सिंथेटिक शूज पर भी असरदार है।
शैम्पू और गुनगुना पानी
कपड़े वाले सफेद जूतों को साफ करने के लिए हल्का शैम्पू एक बेहतरीन विकल्प है। एक कटोरी गुनगुने पानी में थोड़ा शैम्पू मिलाएं और ब्रश या स्पंज की मदद से जूतों को धीरे-धीरे साफ करें। इससे कपड़े पर जमी गंदगी आसानी से हट जाती है। सफाई के बाद जूतों को साफ कपड़े से पोंछ लें। यह तरीका खासतौर पर कैनवास और फैब्रिक शूज के लिए बेहद प्रभावी है।
नेल पॉलिश रिमूवर
नेल पॉलिश रिमूवर जूतों को पूरी तरह साफ करने के लिए नहीं, बल्कि जिद्दी दाग हटाने के लिए इस्तेमाल किया जाता है। कॉटन या कपड़े पर थोड़ा रिमूवर लें और दाग वाली जगह पर हल्के हाथों से लगाएं। धीरे-धीरे रगड़ने के बाद साफ कपड़े से पोंछ दें। इससे कई तरह के निशान तुरंत हल्के या गायब हो जाते हैं।
टूथपेस्ट से करें सफाई
जूतों पर लगे काले और जिद्दी दाग हटाने के लिए सादा सफेद टूथपेस्ट बेहद असरदार होता है। इसे दाग वाली जगह पर लगाकर करीब 5 मिनट के लिए छोड़ दें। इसके बाद ब्रश से हल्के हाथों से रगड़ें और गीले कपड़े से साफ कर लें। इससे जूतों की रबर सोल और किनारे चमकने लगते हैं। ध्यान रखें, ज्यादा जोर से रगड़ने से जूते खराब हो सकते हैं।बेकिंग सोडा और विनेगर
अगर आपके सफेद जूते पीले पड़ गए हैं, तो बेकिंग सोडा और विनेगर का मिश्रण उन्हें फिर से नया जैसा बना सकता है। एक कप पानी में एक बड़ा चम्मच बेकिंग सोडा और थोड़ा विनेगर मिलाकर घोल तैयार करें। अब टूथब्रश से इस मिश्रण को जूतों पर लगाकर हल्के हाथों से साफ करें। कुछ देर बाद जूतों को हवा में सूखने दें। सूखने के बाद जरूरत हो तो हल्के हाथ से दोबारा साफ करके पानी से धो लें। इससे जूते फिर से चमक उठेंगे।
यह लेख मूल रूप से गौरंगी (Gaurangi) द्वारा लिखा गया है, वह टाइम्स नाउ नवभारत के साथ बतौर इंटर्न जुड़ी हुई हैं।
