सर्दियों में ऐसे बनाकर पिएं टमाटर सूप, बनाते वक्त ये हरी पत्तियां डालते ही स्वाद होगा डबल, फायदे भी जाएंगे बढ़
- Edited by: Vineet
- Updated Feb 4, 2026, 06:34 PM IST
Healthy Tomato Soup Recipe: ठंड के मौसम में टमाटर का सूप स्वाद और सेहत दोनों का बेहतरीन ख्याल रखता है। चटपटा और गर्म टमाटर सूप न सिर्फ ठंड से राहत देता है, बल्कि इम्यूनिटी मजबूत करने में भी मदद करता है। अगर आप घर पर ही बाजार या रेस्टोरेंट जैसा टेस्टी टमाटर सूप बनाना चाहते हैं, तो एक आसान किचन ट्रिक अपना सकते हैं। इस ट्रिक से सूप का स्वाद भी बढ़ेगा और इसके हेल्थ बेनिफिट्स भी दोगुने हो जाएंगे। सर्दियों में इस हेल्दी और स्वादिष्ट सूप को अपनी डाइट में जरूर शामिल करें।
सर्दियों में टमाटर से बनाकर पिएं ये हेल्दी-टेस्टी सूप
Healthy Tomato Soup Recipe: सर्दियों की शुरुआत होते ही रसोई में अलग-अलग तरह के सूप बनने लगते हैं। चटपटा सूप न सिर्फ स्वाद में लाजवाब होता है, बल्कि शरीर को अंदर से गर्म रखने में भी मदद करता है। इस मौसम में सबसे ज्यादा पसंद किया जाने वाला सूप है टमाटर का सूप। टमाटर का सूप इम्यूनिटी को सपोर्ट करता है और सर्दी-जुकाम से राहत दिलाने में मददगार होता है। कुछ आसान किचन टिप्स को फॉलो करके आप भी मिनटों में घर पर टेस्टी टमाटर सूप बना सकते हैं।
क्या है वो सीक्रेट चीज जो बढ़ा देती है स्वाद और फायदे
सर्दियों में ज्यादातर लोग सर्दी-जुकाम, खांसी और बदन दर्द से परेशान रहते हैं। ऐसे में खान-पान में थोड़ा बदलाव करना बेहद जरूरी हो जाता है। ठंड के मौसम में सूप पीने से शरीर को काफी राहत मिलती है।
टमाटर सूप का असली सीक्रेट इंग्रेडिएंट है - तुलसी। तुलसी न सिर्फ सूप का स्वाद बढ़ाती है, बल्कि इसके औषधीय गुण सर्दी-खांसी और बुखार में भी आराम पहुंचाते हैं। यही वजह है कि टमाटर और तुलसी का सूप सर्दियों के लिए एक परफेक्ट हेल्दी ऑप्शन माना जाता है।
टमाटर-तुलसी सूप बनाने के लिए सामग्री
- 4-5 पके बड़े टमाटर
- 1 कप ताजे तुलसी के पत्ते
- 1 बड़ा चम्मच तेल या घी
- 1 छोटा चम्मच जीरा
- 1 छोटा चम्मच अदरक का पेस्ट
- ½ छोटा चम्मच हल्दी पाउडर
- ½ छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर
- 1 कप पानी
- नमक स्वादानुसार
- 1 छोटा चम्मच शक्कर (इच्छानुसार)
- हरा धनिया (गार्निशिंग के लिए)
टमाटर का सूप बनाने की आसान विधि
- टमाटर का सूप बनाना बेहद आसान है। सबसे पहले टमाटरों को अच्छे से धोकर छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें। अगर आप सूप को ज्यादा स्मूद रखना चाहते हैं, तो टमाटरों का छिलका निकाल सकते हैं। तुलसी के पत्तों को भी अच्छी तरह धो लें ताकि मिट्टी का स्वाद न आए।
- अब एक कढ़ाई या पैन में तेल या घी गरम करें। इसमें जीरा डालकर चटकने दें। फिर अदरक का पेस्ट डालकर कुछ सेकंड भूनें। इसके बाद कटे हुए टमाटर डालें और हल्का सा भून लें।
- अब हल्दी पाउडर, लाल मिर्च पाउडर और नमक डालकर मसालों को टमाटरों के साथ अच्छी तरह पकने दें, जब तक टमाटर नरम न हो जाएं।
- इसके बाद इसमें पानी और तुलसी के पत्ते डालें। सूप को उबाल आने तक पकाएं, फिर आंच धीमी करके 5–7 मिनट तक पकने दें ताकि सारे फ्लेवर अच्छे से मिल जाएं। चाहें तो सूप को छान सकते हैं।
- आखिर में ऊपर से हरा धनिया डालें और गरमागरम सूप सर्व करें। सर्दी-खांसी के दौरान यह सूप शरीर को अंदर से गर्माहट देता है।
टमाटर का सूप पीने से मिलते हैं ये जबरदस्त फायदे
1. बेहतर ब्लड सर्कुलेशन
टमाटर के सूप में मौजूद सेलेनियम शरीर में ब्लड सर्कुलेशन को बेहतर बनाने में मदद करता है और एनीमिया से बचाव करता है।
2. हाई बीपी में फायदेमंद
टमाटर में पोटेशियम भरपूर मात्रा में होता है, जो शरीर में सोडियम लेवल को संतुलित रखता है। हाई बीपी के मरीज सीमित नमक के साथ टमाटर सूप का सेवन कर सकते हैं।
3. वेट लॉस में मददगार
फाइबर से भरपूर टमाटर सूप लंबे समय तक पेट भरा रखता है, जिससे बार-बार भूख नहीं लगती और वजन कम करने में मदद मिलती है।
4. पाचन को रखे दुरुस्त
सर्दियों में पाचन से जुड़ी समस्याएं आम होती हैं। टमाटर सूप पाचन तंत्र को मजबूत बनाता है।
5. शुगर लेवल कंट्रोल
टमाटर में मौजूद क्रोमियम और नारिंगिन ब्लड शुगर लेवल को कंट्रोल रखने में मदद करते हैं, जिससे यह डायबिटीज के मरीजों के लिए भी फायदेमंद माना जाता है।
यह लेख मूल रूप से गौरंगी (Gaurangi) द्वारा लिखा गया है!
डिस्क्लेमर: प्रस्तुत लेख में सुझाए गए टिप्स और सलाह केवल आम जानकारी के लिए हैं और इसे पेशेवर चिकित्सा सलाह के रूप में नहीं लिया जा सकता। किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी तरह का बदलाव करने से पहले अपने डॉक्टर से परामर्श जरूर लें।
नए साल 2026 की ढेरों शुभकामनाएं। हमारे साथ देखें नए साल के खास बधाई संदेश, नए साल के संस्कृत शुभेच्छा संदेश, घर के बड़ों को हैपी न्यू ईयर कैसे कहें, न्यू ईयर विशेज फॉर हस्बैंड, वाइफ, बॉस, लव, नए साल के मोटिवेशनल बधाई संदेश, नए साल की देशभक्ति भरी विशेज। पढ़ें हैपी न्यू ईयर का जवाब कैसे दें। साथ ही देखें आज का राशिफल