साड़ी पहनना भारत में सिर्फ तैयार होने का तरीका नहीं, बल्कि अपनी कहानी पहनने जैसा है। खासकर जब बात हैंडलूम साड़ियों की हो, तो हर धागे के पीछे किसी शहर, गांव और कारीगर की मेहनत छिपी होती है। मशीन से बनी साड़ी और हाथ से बुनी साड़ी को पास से देखने पर शायद फर्क तुरंत समझ न आए, लेकिन उसकी बुनाई, टेक्सचर और फिनिश में एक अलग-सी महसूस होती है।
टाइम्स नाऊ नवभारत पर यह भी पढ़ें - बनारस से कांचीपुरम तक- देश की हैंडलूम विरासत का असली सफर
आज हैंडलूम डे पर जानिए, कैसे भारत के अलग-अलग हिस्सों ने अपनी खास बुनाई को इतना खूबसूरत बनाया कि कुछ साड़ियां उस जगह की पहचान बन गईं। दक्षिण भारत की कांजीवरम हो, उत्तर प्रदेश की बनारसी या मध्य प्रदेश की चंदेरी.. तीनों की अपनी अलग खूबसूरती है। कोई शादी के लिए परफेक्ट लगती है, कोई त्योहार में शाही अंदाज देती है और कोई हल्के-फुल्के मॉडर्न लुक के साथ भी आसानी से जम जाती है। यही वजह है कि हैंडलूम आज सिर्फ परंपरा नहीं, बल्कि नए जमाने का फैशन स्टेटमेंट भी बन चुका है।
1. कांजीवरम साड़ी: शादी वाले लुक की क्लासिक क्वीन
तमिलनाडु के कांचीपुरम से जुड़ी कांजीवरम साड़ी को देखते ही अक्सर शादी और त्योहारों की याद आ जाती है। इसकी सबसे खास पहचान है इसकी मजबूत सिल्क बुनाई और चमकदार जरी का काम। पारंपरिक डिजाइनों में मंदिर की आकृतियां, फूल, पत्तियां और ट्रेडिशनल बॉर्डर खूब दिखाई देते हैं।
लेकिन कांजीवरम को सिर्फ भारी शादी वाली साड़ी नहीं समझें। आज इसके हल्के रंग, छोटे बॉर्डर और मिनिमल डिजाइन भी काफी पसंद किए जाते हैं। पेस्टल कांजीवरम को सिंपल ब्लाउज और छोटे झुमकों के साथ पहनें, तो पूरा लुक बेहद एलिगेंट लग सकता है।
2. बनारसी साड़ी: जब साड़ी में दिखे शाही अंदाज
वाराणसी की बनारसी साड़ी भारतीय हैंडलूम की दुनिया का एक बड़ा नाम है। इसकी पहचान खूबसूरत जरी, बारीक बुनाई और पारंपरिक पैटर्न से होती है। पहले जहां लाल, मैरून और गहरे रंगों वाली बनारसी ज्यादा देखने को मिलती थी, वहीं आज पेस्टल, आइवरी, पिंक और मॉडर्न शेड्स भी खूब पसंद किए जा रहे हैं।
बनारसी की खास बात यह है कि इसे सिर्फ दुल्हन के ट्रंक में बंद करके रखने की जरूरत नहीं। इसे कंटेम्पररी ब्लाउज, बेल्ट या मिनिमल ज्वेलरी के साथ स्टाइल करके काफी मॉडर्न बनाया जा सकता है। यानी दादी की अलमारी वाली साड़ी, आज की फैशन गर्ल की वॉर्डरोब में भी फिट बैठ सकती है।
3. चंदेरी साड़ी: हल्की, नाजुक और बेहद ग्रेसफुल
मध्य प्रदेश के चंदेरी शहर से आने वाली चंदेरी साड़ी उन लोगों के लिए खास है जिन्हें बहुत भारी साड़ी पहनना पसंद नहीं। इसकी सबसे बड़ी खूबी इसका हल्का और खूबसूरत टेक्सचर है। कई चंदेरी साड़ियों में सिल्क और कॉटन के धागों का इस्तेमाल किया जाता है, जिससे उनका लुक नाजुक लेकिन अट्रैक्टिव दिखाई देता है।
चंदेरी का अंदाज थोड़ा शांत है। यह ऐसी साड़ी है जो बिना बहुत ज्यादा चमक-दमक के भी ध्यान खींच लेती है। ऑफिस की कोई खास पार्टी हो, छोटा पारिवारिक फंक्शन या दिन का कोई फेस्टिव लुक—इसे आसानी से स्टाइल किया जा सकता है।
