लाइफस्टाइल

घर पर बनाएं हलवाई वाली खट्टी-मीठी इमली चटनी, 1 साल तक नहीं होगी खराब, नोट करें Sagar's kitchen की सीक्रेट रेसिपी

Halwai Wali Imli Ki Chutney Kaise Banaye: घर पर हलवाई जैसी खट्टी-मीठी इमली की चटनी बनाना चाहते हैं, तो फूड कंटेट क्रिएटर और होम शेफ सागर ने आपके लिए एक आसान रेसिपी शेयर की है। बता दें कि यह चटनी पूरी 1 साल तक चलती है। आइए जानते हैं हलवाई वाली इमली की चटनी कैसे बनाएं।

Image

1 साल तक चलने वाली हलवाई स्टाइल इमली की चटली रेसिपी

Halwai Wali Imli Ki Chutney Kaise Banaye: चाट, कचौड़ी, पानीपुरी हो या भेलपुरी… इन सबका असली मजा तभी आता है जब साथ में खट्टी-मीठी इमली की चटनी मिल जाए। यही चटनी साधारण से स्नैक्स का स्वाद भी कई गुना बढ़ा देती है। लेकिन अक्सर लोगों की शिकायत होती है कि घर पर बनी चटनी वैसी नहीं बनती जैसी हलवाई की दुकान पर मिलती है। और अगर बन भी जाती है, तो बहुत जल्दी खराब हो जाती है।

आपकी इसी समस्या को दूर करने के लिए 'Sagar's Kitchen' के फूड क्रिएटर और होम शेफ सागर कुमार ने एक खास इमली की चटनी की रेसिपी शेयर की है, जिसे अगर सही तरीके से स्टोर किया जाए तो आप पूरे 1 साल तक इसका मजा ले सकते हैं। अगर आप भी वही चटपटी और हलवाई जैसी इमली चटनी घर पर बनाना चाहते हैं, तो यह आसान रेसिपी आपके काम आ सकती है।

पहले तैयार करें चटनी का खास मसाला

हलवाई स्टाइल इमली चटनी का असली स्वाद उसके मसाले में छिपा होता है। इसके लिए सबसे पहले एक पैन में जीरा, सौंफ, साबुत काली मिर्च और अजवाइन को हल्की आंच पर धीरे-धीरे भून लें। मसालों को ज्यादा तेज आंच पर नहीं भूनना चाहिए, वरना उनका स्वाद बदल सकता है। जब इनसे हल्की खुशबू आने लगे तो गैस बंद कर दें और इन्हें ठंडा होने दें। ठंडा होने के बाद इन मसालों को मिक्सर में डालकर दरदरा पीस लें। यही मसाला चटनी को हलवाई जैसा खास स्वाद देता है।

अब इमली को ऐसे करें तैयार

अब बारी आती है इमली की। इमली को करीब 15 से 20 मिनट तक गर्म या उबले हुए पानी में भिगोकर रख दें। इससे इमली का गूदा नरम हो जाता है और आसानी से अलग किया जा सकता है। थोड़ी देर बाद इमली को हाथों से हल्के-हल्के मसलें ताकि उसका गूदा पानी में अच्छी तरह घुल जाए। अगर पेस्ट ज्यादा गाढ़ा लगे तो उसमें थोड़ा पानी मिलाया जा सकता है। इसके बाद इस मिश्रण को छलनी से छान लें, जिससे बीज और रेशे अलग हो जाएं और आपको स्मूद इमली का पेस्ट मिल जाए।

अब चटनी को पकाने की प्रक्रिया शुरू करें

अब एक पैन को गैस पर रखें और उसमें छाना हुआ इमली का पेस्ट डाल दें। इसके बाद इसमें पहले से तैयार किया हुआ मसाला डालें। साथ ही स्वाद के अनुसार नमक, थोड़ा काला नमक, लाल मिर्च पाउडर और थोड़ा सा सौंठ पाउडर भी मिला दें। इन सभी चीजों को अच्छे से मिलाकर धीमी आंच पर पकने दें। कुछ लोग इसमें थोड़ा बारीक कटा ड्राई फ्रूट भी डालते हैं, जिससे चटनी का स्वाद और टेक्सचर दोनों बेहतर हो जाते हैं। धीरे-धीरे पकने से मसालों का फ्लेवर इमली में अच्छी तरह मिल जाता है।

आखिर में ऐसे करें स्टोर

जब चटनी अच्छी तरह पक जाए और थोड़ा गाढ़ी हो जाए तो गैस बंद कर दें और इसे ठंडा होने दें। ठंडी होने के बाद इसे साफ और सूखे कांच के जार में भरकर रख लें। अगर जार बिल्कुल साफ और सूखा है और चटनी अच्छी तरह पकाई गई है, तो इसे लंबे समय तक इस्तेमाल किया जा सकता है। यही वजह है कि हलवाई भी इस तरह की चटनी बनाकर कई दिनों तक इस्तेमाल करते हैं।

चाट और स्नैक्स के साथ बढ़ जाएगा स्वाद

यह खट्टी-मीठी इमली चटनी कई तरह के स्नैक्स के साथ बेहद स्वादिष्ट लगती है। चाट, रगड़ा, कचौड़ी, भेलपुरी, पानीपुरी या दही पुरी जैसे स्ट्रीट फूड के साथ इसका स्वाद और भी ज्यादा बढ़ जाता है। घर पर बनी ताजी चटनी का स्वाद अलग ही होता है और इसमें इस्तेमाल होने वाली सामग्री भी आपके सामने तैयार होती है।

(डिस्क्लेमर: यह लेख सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध फूड कंटेंट क्रिएटर और होम शेफ सागर कुमार के वीडियो में बताए गए टिप्स के आधार पर तैयार किया गया है। इसमें दी गई जानकारी संबंधित क्रिएटर के व्यक्तिगत विचार हैं। टाइम्स नाउ नवभारत इन टिप्स या दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करता है।)

Vineet
विनीतauthor

विनीत टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में हेल्थ डेस्क के साथ बतौर चीफ कॉपी एडिटर जुड़े हैं। दिल्ली के रहने वाले विनीत को हेल्थ, फिटनेस और न्यूट्रिशन जैसे विषयों पर गहरी समझ है। इन्होंने हेल्थ, फिटनेस, न्यूट्रिशन और सप्लीमेंट के फील्ड में प्रोफेशनल सर्टिफिकेशन भी किए हैं। वे 6 साल से इस फील्ड से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर 7,000 से अधिक लेख लिख चुके हैं। विनीत की खासियत उनकी रिसर्च-बेस्ड लेखन शैली और जनहित को ध्यान में रखते हुए लिखी गई जानकारीपूर्ण स्टोरीज हैं।

और पढ़ें
End of Article