Restaurant Style Matar Paneer Recipe In Hindi: घर में मटर पनीर बनाना तो लगभग हर किसी को आता है, लेकिन अक्सर एक शिकायत रहती है कि स्वाद रेस्टोरेंट जैसा नहीं आता। कई बार ग्रेवी पतली रह जाती है, तो कभी मसालों का बैलेंस बिगड़ जाता है। ऐसे में हमेशा लोगों के मन में यह बात आती है कि आखिर होटल वाले मटर पनीर बनाते कैसे हैं, जो इतना क्रीमी और स्वादिष्ट होता है। वह हमेशा सोचते हैं कि आखिर घर पर रेस्टोरेंट जैसा मटर पनीर कैसे बना सकते हैं।
मशहूर शेफ प्रतीक सिंह ने अपने एक वीडियो में आपके इस सवाल का जवाब दिया है। उन्होंने अपने यूट्यूब चैनल 'Chef Prateek's Kitchen'पर घर पर रेस्टोरेंट स्टाइल मटर पनीर बनाने का तरीका बताया है। खास बात यह है कि इसमें इस्तेमाल होने वाली सामग्री भी वही है जो आमतौर पर हर भारतीय किचन में मिल जाती है। चलिए जानते हैं होटल जैसा मटर पनीर घर पर कैसे बनाएं।
रेस्टोरेंट स्टाइल स्वाद के लिए सबसे जरूरी है ग्रेवी बेस
शेफ प्रतीक बताते हैं कि किसी भी अच्छी सब्जी की जान उसकी ग्रेवी होती है। अगर ग्रेवी सही बन जाए तो सब्जी का स्वाद अपने आप बढ़ जाता है। इसके लिए सबसे पहले चार प्याज को पतला-पतला काट लें और एक टमाटर की प्यूरी तैयार कर लें। अब एक पैन में दो बड़े चम्मच तेल गर्म करें और उसमें एक छोटा चम्मच जीरा डालें। जब जीरा चटकने लगे तो उसमें कटा हुआ प्याज डाल दें।
प्याज को मीडियम आंच पर करीब 8-10 मिनट तक पकाएं, जब तक उसका रंग हल्का सुनहरा न हो जाए। इसके बाद इसमें हल्दी और थोड़ा सा नमक डालकर अच्छी तरह भून लें। यही मटर पनीर की ग्रेवी का बेस बनता है।
मसालों को सही तरीके से भूनना भी जरूरी
इसके बाद कढ़ाई में थोड़ा तेल गर्म करें और उसमें जीरा और हरी मिर्च डालें। हरी मिर्च को हल्का पकने दें, फिर बारीक कटा हुआ प्याज डालकर अच्छे से भूनें। जब प्याज हल्का गोल्डन हो जाए तो उसमें अदरक-लहसुन का पेस्ट डालें। इससे सब्जी में अच्छा फ्लेवर आता है। इसके बाद बारीक कटा टमाटर डालकर मसाले को तब तक पकाएं जब तक वह तेल छोड़ने न लगे। अब इसमें लाल मिर्च पाउडर, धनिया पाउडर, गरम मसाला और थोड़ी सी कसूरी मेथी डालें। कसूरी मेथी को हाथ से हल्का मसलकर डालने से इसकी खुशबू और ज्यादा आती है।
काजू से आएगी होटल जैसी क्रीमी ग्रेवी
शेफ प्रतीक के अनुसार, रेस्टोरेंट स्टाइल मटर पनीर की सबसे बड़ी खासियत उसकी क्रीमी ग्रेवी होती है। इसके लिए प्याज वाले बेस में 8-10 काजू डालकर उसे मिक्सर में अच्छी तरह पीस लें। जब यह पेस्ट तैयार हो जाए तो इसे कढ़ाई में तैयार मसाले के साथ मिला दें। साथ ही टमाटर की प्यूरी डालकर कुछ मिनट तक पकाएं। इससे ग्रेवी गाढ़ी और स्मूद हो जाती है।
अब डालें मटर और पनीर
जब मसाला अच्छी तरह पक जाए तो उसमें आधा कप मटर और करीब 150 ग्राम पनीर डाल दें। अगर आप फ्रोजन मटर इस्तेमाल कर रहे हैं तो उसे सीधे डाल सकते हैं, लेकिन ताजा मटर हो तो पहले हल्का उबाल लेना बेहतर होता है। अब जरूरत के हिसाब से पानी डालें और ग्रेवी को 4-5 मिनट तक पकने दें। बीच-बीच में हल्के हाथ से चलाते रहें ताकि पनीर टूटे नहीं।
आखिरी में ऐसे दें फाइनल टच
जब ग्रेवी में उबाल आ जाए तो गैस बंद कर दें और ऊपर से बारीक कटा हरा धनिया डाल दें। अगर आप चाहें तो सर्व करने से पहले थोड़ा सा बटर भी डाल सकते हैं। इससे सब्जी का स्वाद और भी ज्यादा रिच हो जाता है। अब आपका रेस्टोरेंट स्टाइल मटर पनीर तैयार है, जिसे आप रोटी, नान या जीरा राइस के साथ आराम से सर्व कर सकते हैं।
