लाइफस्टाइल

अगर घर में हैं 3 टमाटर, तो मिनटों में बनाएं रेस्टोरेंट-स्टाइल ये लाजवाब डिश, Chef Prateek ने शेयर की रेसिपी

Easy 3 Tomato Curry Recipe In Hindi: क्या आप जानते हैं, अगर आपके घर में सिर्फ 3 टमाटर हैं तो भी आप मिनटों में एक शानदार रेस्टोरेंट-स्टाइल डिश बना सकते हैं। शेफ प्रतीक सिंह ने एक ही लाजवाब डिश की आसान रेसिपी शेयर की है। जिसमें उन्होंने स्टेप-बाय-स्टेप इस टेस्टी डिश को बनाने का तरीका बताया है। यहां से नोट करें फुल रेसिपी..

Image

बस 3 टमाटर से बनाएं रेस्टोरेंट-स्टाइल सब्जी

Easy 3 Tomato Curry Recipe In Hindi: कई बार ऐसा होता है कि घर में सब्जियां कम होती हैं और समझ नहीं आता कि जल्दी क्या बनाया जाए। ऐसे समय में अगर किचन में सिर्फ टमाटर ही पड़े हों, तो भी आप एक बहुत ही स्वादिष्ट डिश तैयार कर सकते हैं। जी हां, सिर्फ 3 टमाटर से भी ऐसी ग्रेवी बन सकती है जो खाने में बिल्कुल रेस्टोरेंट जैसी लगती है।

यूट्यूब चैनल Chef Prateek's Kitchen के फूड क्रिएटर प्रतीक सिंह ने अपने एक वीडियो में इसी तरह की आसान रेसिपी शेयर की है। उनका कहना है कि थोड़ी सी सही ट्रिक और मसालों के सही इस्तेमाल से साधारण टमाटर भी एक लाजवाब डिश में बदल सकते हैं, जिसे आप गरमागरम चावल के साथ मजे से खा सकते हैं।

सबसे पहले ऐसे तैयार करें टमाटर

शेफ प्रतीक बताते हैं कि इस डिश को बनाने के लिए सबसे पहले 3 टमाटर ले लें। इन्हें बहुत ज्यादा बारीक काटने की जरूरत नहीं है, बस बड़े-बड़े टुकड़ों में काट लें। अब एक पैन लें और उसमें ये कटे हुए टमाटर डाल दें। इसके साथ करीब डेढ़ कप पानी डालकर गैस पर रख दें। टमाटर को तब तक पकाएं जब तक वे पूरी तरह नरम न हो जाएं और पानी भी लगभग सूख न जाए। इससे टमाटर का स्वाद और गाढ़ापन दोनों बढ़ जाते हैं।

टमाटर के साथ बनाएं खास मसाला पेस्ट

जब टमाटर अच्छी तरह पक जाएं तो उन्हें निकालकर मिक्सी जार में डाल दें। अब इसमें 5-6 लहसुन की कलियां, 3-4 हरी मिर्च और आधा कप नारियल का बुरादा डालें। इसके साथ थोड़ा सा इमली, एक चम्मच धनिया पाउडर, एक चम्मच कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर, आधा चम्मच हल्दी और स्वाद अनुसार नमक भी डाल दें। अब इसमें करीब एक कप पानी डालकर इस पूरे मिश्रण को अच्छी तरह पीस लें। इससे एक स्मूद और गाढ़ा पेस्ट तैयार हो जाएगा।

तड़के से बढ़ेगा स्वाद

अब एक पैन में लगभग 3 चम्मच तेल गर्म करें। जब तेल गर्म हो जाए तो उसमें आधा चम्मच सरसों के दाने डालें और फिर आधा चम्मच जीरा डाल दें। जब सरसों और जीरा चटकने लगें तो इसमें थोड़ा सा करी पत्ता डालें। यह तड़का इस डिश के स्वाद और खुशबू को और बढ़ा देता है।

अब डालें तैयार किया हुआ पेस्ट

अब इस तड़के में वही पेस्ट डाल दें जो आपने मिक्सर में तैयार किया था। इसके बाद करीब एक कप पानी और डाल दें और अच्छी तरह मिला लें। अब गैस की आंच थोड़ी तेज कर दें और इस ग्रेवी को लगभग 6-7 मिनट तक पकने दें। इससे मसाले अच्छे से पक जाते हैं और ग्रेवी का स्वाद भी गहरा हो जाता है।

आखिर में ऐसे करें सर्व

जब ग्रेवी पक जाए तो ऊपर से बारीक कटा हरा धनिया डाल दें और हल्के से मिला लें। बस आपकी टमाटर से बनी यह स्वादिष्ट डिश तैयार है। शेफ प्रतीक के अनुसार, इस डिश का असली मजा गरमागरम चावल के साथ आता है। साधारण सी दिखने वाली यह रेसिपी स्वाद में काफी लाजवाब लगती है।

(डिस्क्लेमर: यह लेख सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध फूड क्रिएटर शेफ प्रतीक सिंह के वीडियो में बताए गए टिप्स के आधार पर तैयार किया गया है। इसमें दी गई जानकारी संबंधित क्रिएटर के व्यक्तिगत विचार हैं। टाइम्स नाउ नवभारत इन टिप्स या दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करता है।)

Vineet
विनीत author

विनीत टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में हेल्थ डेस्क के साथ बतौर चीफ कॉपी एडिटर जुड़े हैं। दिल्ली के रहने वाले विनीत को हेल्थ, फिटनेस और न्यूट्रिशन जैसे विष... और देखें

End of Article