लाइफस्टाइल

घर पर ऐसे बनाएं इस्टेंट राजस्थानी स्टाइल घेवर, Sagar's kitchen ने शेयर की शानदार रेसिपी

सावन, रक्षाबंधन और त्योहारों के मौसम में घर पर घेवर बनाने का मन है, लेकिन मुश्किल रेसिपी से डर लगता है? Sagar's Kitchen की बताई आसान ट्रिक से कम सामग्री में कुरकुरा, जालीदार और स्वादिष्ट राजस्थानी स्टाइल घेवर तैयार किया जा सकता है।

Image

Instant Rajasthani Ghevar recipe in hindi

Ghewar Recipe in Hindi (घेवर कैसे बनाएं रेसिपी): राजस्थान का नाम आते ही दाल-बाटी के साथ एक मिठाई जरूर याद आती है और वह है घेवर। सावन, तीज और रक्षाबंधन के आसपास बाजारों में इसकी अलग ही रौनक दिखाई देती है। लेकिन घर पर घेवर बनाना अक्सर लोगों को थोड़ा मुश्किल लगता है, क्योंकि इसकी खास जालीदार बनावट हर किसी के बस की बात नहीं लगती। अगर आप भी यही सोचकर अब तक घेवर बनाने से बचते रहे हैं, तो यह आसान तरीका आपके काम आ सकता है।

    Sagar's Kitchen ने अपनी वीडियो रेसिपी में एक सिंपल बैटर और कुछ छोटी-छोटी ट्रिक्स के साथ इंस्टेंट राजस्थानी स्टाइल घेवर बनाने का तरीका बताया है। खास बात यह है कि इसमें बहुत ज्यादा सामग्री की जरूरत नहीं पड़ती। सही कंसिस्टेंसी, ठंडे पानी और बैटर डालने के तरीके पर ध्यान देकर घर की किचन में भी कुरकुरा घेवर तैयार किया जा सकता है।

    इंस्टेंट घेवर बनाने के लिए सामग्री

    ½ कप मैदा

    2 बड़े चम्मच पिघला हुआ घी

    4-5 आइस क्यूब

    1 छोटा चम्मच नींबू का रस

    1 छोटा चम्मच कॉर्न स्टार्च

    लगभग 1 कप बहुत ठंडा पानी

    तलने के लिए घी या तेल

    सजावट के लिए आप रबड़ी, काजू, बादाम और पिस्ता का इस्तेमाल कर सकते हैं।

    घेवर कैसे बनाएं

    • पहले तैयार करें स्मूद घी का मिश्रण, जिसके लिए मिक्सी के छोटे जार में पिघला हुआ घी और आइस क्यूब डालें। इसे पल्स मोड पर चलाएं। कुछ देर में घी की बनावट मक्खन जैसी स्मूद दिखाई देने लगेगी। यही स्टेप घेवर के बैटर को सही टेक्सचर देने में मदद कर सकता है।
    • अब इसमें नींबू का रस, कॉर्न स्टार्च और मैदा डालें। इसके बाद थोड़ा-थोड़ा करके बर्फ जैसा ठंडा पानी मिलाएं और मिक्सी को पल्स मोड पर चलाते रहें।
    • बैटर की कंसिस्टेंसी है सबसे जरूरी, ध्यान रखें कि घेवर का बैटर न बहुत गाढ़ा होना चाहिए और न ही पानी जैसा बिल्कुल पतला। इसे चम्मच से गिराने पर बैटर लगातार मोटी धार में नहीं, बल्कि हल्की बूंदों की तरह गिरना चाहिए।
    • अगर बैटर ज्यादा गाढ़ा लगे तो थोड़ा ठंडा पानी मिला सकते हैं। यहीं पर जल्दबाजी करने की बजाय धीरे-धीरे पानी डालना बेहतर रहेगा।
    • एक गहरे और थोड़े संकरे बर्तन में घी या तेल गर्म करें। बर्तन को पूरी तरह ऊपर तक न भरें। घी गर्म होने के बाद आंच को मीडियम रखें।
    • अब चम्मच या छोटे बर्तन की मदद से बैटर को धीरे-धीरे बीच में डालें। एक साथ पूरा बैटर डालने की बजाय कुछ सेकंड के अंतर से थोड़ा-थोड़ा बैटर डालते रहें। इससे घेवर में उसकी खास जालीदार बनावट बनने लगती है।
    • बैटर डालते समय थोड़ा सावधान रहें क्योंकि गर्म घी या तेल उछल सकता है। जब घेवर अच्छी तरह पककर कुरकुरा हो जाए, तो इसे सावधानी से बाहर निकाल लें।
    घर पर घेवर कैसे बनाएं, देखें टिप्स (Pic: Canva)

    घर पर घेवर कैसे बनाएं, देखें टिप्स (Pic: Canva)

    रबड़ी वाला या सादा, पसंद आपकी

    तैयार घेवर को आप हल्की चाशनी में डुबो सकते हैं। इसके ऊपर ठंडी रबड़ी डालकर काजू, बादाम और पिस्ता से सजाएं। अगर आपको ज्यादा मीठा पसंद नहीं है, तो हल्की मिठास के साथ भी इसे सर्व किया जा सकता है।

    घर पर घेवर बनाते समय ये बात याद रखें

    इस रेसिपी की सबसे दिलचस्प बात यह है कि इसमें किसी बड़े प्रोफेशनल सेटअप की जरूरत नहीं पड़ती। Sagar's Kitchen की इस आसान स्टाइल रेसिपी में असली फर्क सामग्री से ज्यादा बैटर की कंसिस्टेंसी और उसे गर्म घी में धीरे-धीरे डालने के तरीके से पड़ता है। थोड़ी प्रैक्टिस के साथ आपका घर का बना घेवर भी त्योहार की मिठास बढ़ा सकता है।

    Avni Bagrola
    अवनी बागरोलाauthor

    अवनी बागरोला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के लाइफस्टाइल सेक्शन में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं। फैशन, ब्यूटी, ट्रेंड्स, पर्सनल स्टाइलिंग और मॉडर्न लाइफस्टाइल से जुड़े कंटेंट पर उनकी मजबूत पकड़ उन्हें जेन Z और स्टाइल-सेवी ऑडियंस के बीच खास पहचान दिलाती है। अवनी की लेखन शैली सरल, ट्रेंडी और यूज़र-फ्रेंडली है, जो पाठकों को तेजी से बदलते फैशन व लाइफस्टाइल ट्रेंड्स को समझने में मदद करती है। अब तक 3000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुकी अवनी क्रिएटिव अप्रोच, अपडेटेड नॉलेज और रियल-टाइम ट्रेंड सेंस के लिए जानी जाती हैं।

    और पढ़ें
    End of Article