लाइफस्टाइल

Dolphin Parenting: न सख्ती न लापरवाही,अच्छी परवरिश का नया नाम है डॉल्फिन पेरेंटिंग, सेल्फ कॉन्फिडेंस के सातवें आसमान को छूते हैं बच्चे

Dolphin Parenting Style: डॉल्फिन पेरेंटिंग कोई नियमों की किताब नहीं, बल्कि रिश्तों की समझ है। यह आंखों में प्यार और लहजे में दृढ़ता के साथ बच्चों को एक ऐसा माहौल देती है जहां वे सुनते भी हैं, बोलते भी हैं, गिरते भी हैं और फिर खुद से उठना भी सीखते हैं।

Image

डॉल्फिन पेरेंटिंग क्या है, डॉल्फिन पेरेंटिंग कैसे करते हैं?(What is Dolphin Parenting Meaning)

Dolphin Parenting: पेरेंटिग को दुनिया का सबसे कठिन टास्क माना गया है। हर कोई अपने बच्चों को बेहतर परवरिश देने की कोशिश करता है। हालांकि जब भी बेहतर परवरिश की बात आती है तो माता-पिता अकसर दो ध्रुवों के बीच झूलते रहते हैं। एक तरफ़ सख्ती और नियंत्रण की टाइगर पेरेंटिंग (Tiger Parenting) तो दूसरी ओर लापरवाही भरे लचीलेपन की एलिफेंट पेरेंटिंग (Elephant Parenting)। लेकिन क्या कोई ऐसा रास्ता नहीं जो इन दोनों के बीच संतुलन बनाए रखे? तो इसका जवाब है- हां और इसे कहते हैं डॉल्फिन पेरेंटिंग। जैसे डॉल्फिन समुद्र की लहरों के साथ सहजता से बहती है लेकिन खतरा आने पर पूरी ताक़त से बच्चों की रक्षा करती है, वैसे ही डॉल्फिन पेरेंट्स अपने बच्चों को स्वतंत्रता तो देते हैं, लेकिन साथ में उनकी दिशा और विकास पर भी नज़र रखते हैं।

9

डॉल्फिन पेरेंटिंग

डॉल्फिन पेरेंटिंग क्या है (What is Dolphin Parenting)

डॉल्फिन पेरेंटिंग एक ऐसी पेरेंटिंग स्टाइल है, जो संतुलन, सेल्फ कंट्रोल, सहयोग और समझ पर आधारित होती है। इसमें माता-पिता बच्चों को न तो पूरी तरह नियंत्रित करते हैं और न ही पूरी तरह आजाद छोड़ देते हैं। वे उन्हें निर्णय लेने की स्वतंत्रता देते हैं, लेकिन उनके निर्णयों की सीमा और परिणामों से भी अवगत कराते हैं।

कैसे होती है डॉल्फिन पेरेंटिंग (How Dolphin Parenting works)

ऐसी पेरेंटिंग स्टाइल बच्चों में खुद सोचने, चुनने और जिम्मेदारी लेने की क्षमता पैदा करती है। इसमें न प्यार की कमी होती है और न ही अनुशासन की। डॉल्फिन पेरेंट्स बच्चों में आत्मविश्वास, जिज्ञासा और इमोशनल इंटेलिजेंस विकसित करने का प्रयास करते हैं। आइए समझते हैं कि डॉल्फिन पेरेंटिंग कैसे होती है:

1. संतुलित आज़ादी: बच्चों को अपनी राय रखने और छोटी-छोटी बातों में निर्णय लेने की स्वतंत्रता दी जाती है। जैसे कि क्या पहनना है और क्या खाना है, इन निर्णयों में भागीदारी से उन्हें आत्मनिर्भर बनने में मदद मिलती है।

2. भावनात्मक जुड़ाव: डॉल्फिन पेरेंटिंग में अभिभावक बच्चों के साथ सहानुभूति और बातचीत पर जोर देते हैं। न कि डर और डांट पर।बच्चा अगर गलती करता है, तो पहले समझाया जाता है, फिर समझा जाता है।

3

ड़ल्फिन पेरेंटिंग के फायदे

3. तय होता है दायरा: यह पेरेंटिंग स्टाइल बच्चों को यह भी सिखाती है कि हर आजादी के साथ जिम्मेदारी जुड़ी होती है। समय की पाबंदी, स्क्रीन टाइम, पढ़ाई के घंटे..सब पर प्यार भरे अनुशासन से निगरानी रखी जाती है।

4. प्रोत्साहन और आत्मनिर्भरता: बच्चों को प्रोत्साहित किया जाता है कि वे खुद अपनी समस्याओं का हल खोजें। अपनी असफलताओं को स्वीकार करें और उनसे सीखें।

5. नैतिक मूल्यों की शिक्षा: डॉल्फिन पेरेंट्स बच्चों को सिर्फ अच्छे नंबर लाने की दौड़ में नहीं झोंकते, बल्कि ईमानदारी, करुणा और सहयोग जैसे गुणों पर ज़ोर देते हैं।

टाइगर और एलिफेंट पेरेंटिंग से कितनी अलग है डॉल्फिन पेरेंटिंग

टाइगर पेरेंटिंग में बच्चों पर इतना दबाव होता है कि वे या तो विद्रोही बन जाते हैं या आत्मविश्वास खो देते हैं। विशेषज्ञ भी इस तरह की पेरेंटिंग को नुकसानदायक बताते हैं। वहीं एलिफेंट पेरेंटिंग में कोई स्पष्ट दिशा या अनुशासन नहीं होता, जिससे बच्चे भ्रमित हो सकते हैं। डॉल्फिन पेरेंटिंग इन दोनों के बीच का रास्ता है। इस तरह की पेरेंटिंग में दिशा भी है और सहारा भी। यह पेरेंटिंग स्टाइल बच्चों को जीवन की लहरों पर तैरना सिखाती है, डूबने से नहीं डराती।

8

डॉल्फिन पेरेंटिंग कैसे करते हैं

डॉल्फिन पेरेंटिंग क्यों है यह जरूरी (Importance of Dolphin Parenting)

आज के तेज, प्रतिस्पर्धी और डिजिटल दौर में बच्चे अक्सर मानसिक दबाव, भ्रम और अकेलेपन से जूझते हैं। डॉल्फिन पेरेंटिंग उन्हें यह सिखाती है कि लाइफ में कैसे बैलेंस बनाए रखना है। डॉल्फिन पेरेंट्स बच्चों को इस तरह से ट्रेन करते हैं कि न तो हर बात में दूसरों पर निर्भर रहना है और न ही खुद को सबकुछ समझ लेना। यह परवरिश बच्चों को नैतिक रूप से मजबूत, भावनात्मक रूप से संवेदनशील और व्यवहारिक रूप से ज़िम्मेदार बनाती है।

डॉल्फिन पेरेंटिंग के संभावित नुकसान (Disadvantages of Dolphin Parenting)

यूं तो डॉल्फिन पेरेंटिंग को बहुत अच्छी पेरेंटिंग स्टाइल मानी जाती है लेकिन यदि इसे सही सीमाओं के भीतर न रखा जाए, तो इसके कुछ नुकसान भी सामने आ सकते हैं:

1. जब माता-पिता बच्चों को ज़रूरत से ज़्यादा स्वतंत्रता और निर्णय लेने की आजादी देते हैं, तो बच्चा समय से पहले जिम्मेदारियों के बोझ में उलझ सकता है। इससे उनमें भ्रम, असुरक्षा या आत्मविश्वास की कमी भी आ सकती है।

2. कभी-कभी जरूरत से ज्यादा समझने की कोशिश बच्चों में अनुशासनहीनता को जन्म देती है। यहां हर गलती पर बात होती है। ऐसे में बच्चे दंड या परिणाम को गंभीरता से लेना बंद कर सकते हैं।

11

डॉल्फिन पेरेंटिंग के फायदे और नुकसान

3. हर बच्चा डॉल्फिन पेरेंटिंग के लिए नहीं बना होता है। कुछ बच्चों को स्पष्ट सीमाएं और निर्देश ज़रूरी होते हैं, वरना वे दिशाहीन हो सकते हैं।

डॉल्फिन पेरेंटिंग की सफलता इस बात पर निर्भर करती है कि माता-पिता कब नरम रहें और कब कठोर, इसका सही संतुलन समझ पाएं। वरना यह पेरेंटिंग स्टाइल भी बच्चों को अनुशासन से दूर कर सकती है।

..और अंत में

डॉल्फिन पेरेंटिंग कोई नियमों की किताब नहीं, बल्कि रिश्तों की समझ है। यह आंखों में प्यार और लहजे में दृढ़ता के साथ बच्चों को एक ऐसा माहौल देती है जहां वे सुनते भी हैं, बोलते भी हैं, गिरते भी हैं और फिर खुद से उठना भी सीखते हैं। यह परवरिश की वो शैली है जो कहती है- बच्चे तुम्हारे नहीं, जीवन की एक सुंदर यात्रा हैं। उनका साथ दो, साया मत बनो।

Suneet Singh
सुनीत सिंहauthor

सुनीत सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में डिप्टी न्यूज एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और लाइफस्टाइल सेक्शन में स्पेशल स्टोरीज प्रोजेक्ट का नेतृत्व कर रहे हैं। टीवी और डिजिटल पत्रकारिता में 13 वर्षों के अनुभव के साथ, सुनीत उन बहुमुखी पत्रकारों में शामिल हैं जिन्होंने न्यूजरूम और फील्ड—दोनों मोर्चों पर खुद को साबित किया है। माइक, कैमरा और एडिटिंग डेस्क तीनों से उनकी सहज जुगलबंदी ने उन्हें एक संतुलित और विश्वसनीय मीडिया प्रोफेशनल के रूप में स्थापित किया है। पिछले 10 वर्षों से सुनीत लाइफस्टाइल, लिटरेचर, सिनेमा और संस्कृति से जुड़ी गहन व विश्लेषणात्मक स्टोरीज लिखते रहे हैं और अबतक 12,000 से अधिक आर्टिकल पब्लिश कर चुके हैं। उनकी लेखन शैली गहराई, मौलिक दृष्टिकोण और रिसर्च-आधारित प्रस्तुति से पहचानी जाती है। वे विषयों की बारीकियों को पकड़कर उन्हें सरल, प्रभावी और पाठकों से जुड़ने वाली भाषा में ढालने में दक्ष हैं।

और पढ़ें
End of Article