दिग्गज एक्टर मुश्ताक खान (Mushtaq Khan) के निधन की खबर ने पूरी फिल्म इंडस्ट्री को भावुक कर दिया है। ‘वेलकम’ और ‘गदर’ जैसी फिल्मों में अपनी खास पहचान बनाने वाले एक्टर को उनके दोस्तों और साथ काम कर चुके सितारे याद कर रहे हैं। अनुपम खेर, राजपाल यादव, अनीस बज्मी और संजय मिश्रा समेत कई कलाकारों ने सोशल मीडिया पर उनके साथ जुड़ी यादें साझा कीं। इसी बीच ‘हनुमान अंश’ के निर्देशक विशाल चतुर्वेदी (Vishal Chaturvedi) ने भी मुश्ताक खान को श्रद्धांजलि देते हुए एक ऐसी बात बताई, जिसने उनके निधन को और भावुक बना दिया। (Times Now Navbharat पर ये भी पढ़ें-Ajay Devgn के जुहू वाले बंगले पर BMC का नोटिस, जानें क्या है पूरा मामला?)
विशाल चतुर्वेदी ने किया खुलासा
विशाल चतुर्वेदी ने सोशल मीडिया पर मुश्ताक खान की तस्वीर शेयर की। उन्होंने उनके निधन पर दुख जताते हुए बताया कि जल्द ही दोनों एक प्रोजेक्ट पर साथ काम करने वाले थे। विशाल ने लिखा, “हम जल्द साथ काम करने वाले थे, मुश्ताक जी। आप क्या शानदार कलाकार थे और अपने पीछे कितनी बड़ी विरासत छोड़ गए। ओम शांति।” वहीं, राजपाल यादव ने भी मुश्ताक खान को याद करते हुए एक भावुक पोस्ट शेयर किया। उन्होंने बताया कि निधन से करीब दो घंटे पहले ही वह मुश्ताक खान से मिलने गए थे। दोनों ने बातचीत की और हाथ भी मिलाया था। राजपाल ने कहा कि उन्हें यकीन नहीं हो रहा कि जिस इंसान से कुछ घंटे पहले मुलाकात हुई थी, वह अब उनके बीच नहीं है।
राजपाल यादव ने मुश्ताक खान को याद करते हुए कहा कि वह हमेशा एक लोकप्रिय इंसान और शानदार कलाकार के रूप में याद किए जाएंगे। उन्होंने भारी मन से उन्हें श्रद्धांजलि दी। ‘वेलकम’ के निर्देशक अनीस बज्मी ने भी मुश्ताक खान के निधन पर दुख जताया। उन्होंने सोशल मीडिया पर उनकी तस्वीर शेयर करते हुए लिखा कि वह इस खबर से हैरान और बेहद दुखी हैं। उन्होंने मुश्ताक खान को एक शानदार कलाकार और बहुत अच्छे इंसान के तौर पर याद किया। साथ ही, उन्होंने उनके परिवार और करीबियों के लिए भी संवेदना जाहिर की।
