Boiled Egg vs Omlette in Summers: अंडे को प्रोटीन और पोषक तत्वों का पावरहाउस माना जाता है। शायद इसी कारण बहुत से लोगों की डाइट का अहम हिस्सा भी होता है ये अंडा (Egg)। लेकिन भारत जैसे देश में जहां गर्मियों में तापमान 45°C के पार चला जाता है, इसे खाने के तरीके को लेकर अकसर असमंजस बना रहता है। बॉयल्ड एग और ऑमलेट, दोनों के अपने फायदे हैं (Egg Benefits), लेकिन गर्मियों में क्या खाना ज्यादा बेहतर है और क्यों। आइए समझते हैं:
गर्मी के मौसम में अंडे खा सकते हैं क्या?
अंडे की तासीर गर्म होती है। गर्मी के दिनों में हमारा मेटाबॉलिज्म थोड़ा धीमा हो जाता है और पाचन तंत्र संवेदनशील रहता है। ऐसे में भारी या तेल-मसाले वाला भोजन शरीर में गर्मी पैदा कर सकता है, जिससे पेट खराब होना, मुहांसे या डिहाइड्रेशन जैसी समस्याएं हो सकती हैं। ऐसे में अंडा किस तरह से खाना है इसका चुनाव भी समझदारी से करना होगा।
क्या गर्मियों में बॉयल्ड एग खा सकते हैं?
गर्मियों के लिए उबला अंडा सबसे सुरक्षित विकल्प माना जाता है। उबले अंडे में अतिरिक्त तेल या मक्खन का इस्तेमाल नहीं होता, जिससे यह पचने में आसान होता है। इसके साथ ही उबालने से अंडे के पोषक तत्व सुरक्षित रहते हैं और इसमें कैलोरी की मात्रा भी कम रहती है।
ध्यान रहे कि गर्मियों में अंडे का पीला भाग कम खाएं, क्योंकि इसमें फैट और गर्मी ज्यादा होती है। केवल सफेद हिस्सा खाना शरीर को ठंडा रखने में मदद करता है।
Read Also: कूलर को बनाएं AC, डाल दें ये 5 रूपये की चीज
क्या गर्मियों में ऑमलेट खाना चाहिए?
ऑमलेट स्वाद में तो लाजवाब होता है, लेकिन गर्मियों में यह कुछ चुनौतियां पेश कर सकता है। दरअसल ऑमलेट बनाने में तेल, घी या मक्खन का प्रयोग होता है। गर्म मौसम में बहुत ज्यादा तेल शरीर का तापमान बढ़ा सकता है। इसके साथ ही ऑमलेट में अकसर लाल मिर्च और गर्म मसालों का उपयोग किया जाता है, जो एसिडिटी का कारण बन सकते हैं।
एक्सपर्ट्स की सलाह ये है कि यदि आप ऑमलेट के शौकीन हैं, तो इसे कम तेल में बनाएं और इसमें ढेर सारी ताजी सब्जियां जैसे प्याज, टमाटर, धनिया और शिमला मिर्च डालें। सब्जियां अंडे की गर्मी को संतुलित करने में मदद करती हैं।

गर्मी में अंडा कैसे खाएं (AI Image)
अंडा या ऑमलेट, गर्मी के लिए क्या है बेस्ट
स्वास्थ्य के दृष्टिकोण से बॉयल्ड एग गर्मियों के लिए बेहतर है। इसका मुख्य कारण लो कैलोरी और तेल मुक्त होना है। गर्मी में शरीर को हाइड्रेटेड रहने की जरूरत होती है, और तले भुने ऑमलेट से प्यास ज्यादा लगाती है।
Read Also: केमिकल से पके आमों की पहचान कैसे करें
गर्मियों में अंडे खाने के गोल्डन रूल्स
गर्मी के मौसम में अंडे खाने के अपने कुछ कायदे हैं। सर्दियों की तरह 4-5 अंडे न खाएं। दिन में 1 या 2 अंडे पर्याप्त हैं। अंडे को नाश्ते में खाना सबसे अच्छा है। रात के समय इसे खाने से बचें क्योंकि यह भारी हो सकता है। अगर आप अंडा खा रहे हैं, तो दिनभर पानी, छाछ या नारियल पानी का सेवन बढ़ा दें। गर्मी में अंडे जल्दी खराब होते हैं, इसलिए हमेशा फ्रेश अंडे ही उबालें।
तो कुल मिलाकर गर्मी के मौसम में भी अंडे खाना छोड़ने की जरूरत नहीं है। बस इसे खाने का तरीका बदल लें। उबला हुआ अंडा खाएं, अधिक पानी पिएं और अपने शरीर को फिट रखें।
