Ganesh Chaturthi 2022 Rangoli: घर पर ही आसान तरीकों से बनाएं रंग, गणेश जी के स्वागत के लिए तैयार करें सुंदर रंगोली

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Aug 28, 2022, 08:07 AM IST

How To Make Color At Home: गणेश चतुर्थी के दिन रंगोली बनाने का खास महत्व है। गणपति बप्पा के स्वागत के लिए रंगोली घर के मुख्य द्वार पर बनाते हैं। रंगोली बनाने के लिए आप होममेड रंग का इस्तेमाल कर सकते हैं। होममेड कलर से रंगोली में चार चांद लग जाएंगे।

Ganesh Chaturthi 2022 Rangoli: घर पर ही आसान तरीकों से बनाएं रंग, गणेश जी के स्वागत के लिए तैयार करें सुंदर रंगोली

Rangoli With Homemade Colours: भगवान गणेश के जन्मोत्सव के रूप में हर साल गणेश चतुर्थी का त्योहार मनाया जाता है। ऐसी मान्यता है कि भाद्रपद माह के शुक्ल पक्ष की चतुर्थी में गणेश जी का जन्म हुआ था। इस साल गणेश चतुर्थी का उत्सव 31 अगस्त को धूमधाम के साथ मनाया जाएगा। गणेश चतुर्थी के दिन भक्त सुंदर सुंदर आकृति वाली मूर्ति घर में स्थापित करते हैं और विधि विधान से भगवान गणेश की पूजा करते हैं वहीं दसवें दिन मूर्ति का विसर्जन किया जाता है। भक्त गणपति बप्पा का स्वागत करने के लिए तरह-तरह की तैयारियां करते हैं। मंदिर व घर के आंगन को रंग बिरंगी रंगोली की डिजाइन से तैयार करते हैं। त्योहार के दिन रंगोली घर की शोभा को तो बढ़ाते ही हैं साथ में त्योहार में भी चार चांद लगा देते हैं। ऐसे में आप होममेड रंग बनाकर रंगोली बना सकते हैं। आइए जानते हैं इसे बनाने की विधि।

इन चीजों की पड़ेगी जरूरत

घर में रंग बनाने के लिए चावल का इस्तेमाल कर सकते हैं। चावल सभी के घरों में आसानी से मिल जाता है। चावल की मदद से आप रंगोली के कलर बना सकते हैं। इसमें न ज्यादा मेहनत की जरूरत है और न ही ज्यादा समय की। इसे बनाने के लिए आपको चावल और फूड कलर की आवश्यकता पड़ेगी। आप रंग बिरंगे कलर इस्तेमाल करने के लिए कई तरह के फूड कलर बाजार से खरीद सकते हैं। ये आसानी से बाजार में मिल जाएंगे।

ऐसे बनाएं होममेड रंग

चावल के रंग बनाने के लिए सबसे पहले बर्तन में एक कप चावल लें। चावल को मिक्सी में अच्छे से पीस लें। पीसकर किसी बर्तन में रख लें और अपने मनपसंद कलर को चावल में मिला लें। दोबारा से चावल व फूड कलर को मिक्स कर लें और इस आसान तरीके से आप अपना मनपसंद रंग बना सकते हैं। पीला रंग के लिए आप हल्दी का इस्तेमाल कर सकते हैं। इस तरह से रंगोली के लिए आपके रंग तैयार हो जाएंगे। रंग बनाने के लिए आप चावल के अलावा बालू या रेत का भी इस्तेमाल कर सकते हैं। बालू की चमक के कारण आप के रंग में चमकीलापन भी नजर आएगा। बालू से रंग बनाने के लिए आपको पहले छलनी से छानना होगा, ताकि बालू में मौजूद कंकड़ साफ हो जाए और फिर इसमें अपना मनचाहा रंग मिलाकर मिक्स कर सकते हैं। इससे आप सुंदर सुंदर डिजाइनर रंगोली बना सकते हैं।

डिस्क्लेमर: प्रस्तुत लेख में सुझाए गए टिप्स और सलाह केवल आम जानकारी के लिए हैं और इसे पेशेवर सलाह के रूप में नहीं लिया जा सकता।

End of Article