लाइफस्टाइल

डिनर बनेगा और भी खास, शेफ कुणाल कपूर की स्टाइल में बनाएं लच्छेदार चिली गार्लिक पराठा

गर्मा-गर्म चिली गार्लिक लच्छा पराठे को ठंडे चटनी रायते और मक्खन के साथ परोसें। यह रेसिपी सिर्फ 35 मिनट में तैयार हो जाती है और आपके डिनर का मजा दोगुना कर देती है।

Image

शेफ कुणाल कपूर चिली गार्लिक लच्छा पराठा रेसिपी

डिलर में डेली वही साधारण रोटी या पराठा खाकर अगर आप बोर हो गए हैं, तो मशहूर सेलिब्रिटी शेफ कुणाल कपूर की खास 'चिली गार्लिक लच्छा पराठा' रेसिपी आपके बेहद काम आ सकती है। लच्छेदार परतों, लहसुन के तीखेपन और लाल मिर्च के फ्लेवर वाला यह पराठा न सिर्फ स्वाद में लाजवाब है, बल्कि इसे बनाना भी बेहद आसान है। शेफ कुणाल कपूर ने इसके साथ परोसे जाने वाले चटपटे 'चटनी रायते' की रेसिपी भी साझा की है।

आवश्यक सामग्री

पराठे के लिए:

  • गेहूं का आटा – 1.5 कप
  • मैदा – 1.5 कप
  • नमक – ¾ छोटा चम्मच
  • मक्खन (सॉफ्ट व मेल्टेड) – 2 बड़ा चम्मच
  • लहसुन (बारीक कटा या स्लाइस्ड) – 1 बड़ा चम्मच
  • चिली फ्लेक्स – ½ छोटा चम्मच
  • ताजा धनिया (बारीक कटा) – मुट्ठी भर
  • सूखा आटा (डस्टिंग के लिए) और
  • तेल (तलने के लिए)

चटनी रायते के लिए:

  • ताजा दही – 2 कप
  • हरा धनिया – 1.5 कप और पुदीना पत्ता – ½ कप
  • हरी मिर्च – 2, छोटा
  • अदरक का टुकड़ा
  • चाट मसाला – 2 छोटा चम्मच,
  • काला नमक – ½ छोटा चम्मच
  • भुना जीरा पाउडर – 1 छोटा चम्मच,
  • नींबू का रस और नमक

बनाने की रेसिपी

आटा गूंथना और रेस्ट देना

एक बड़े बर्तन में गेहूं का आटा और मैदा बराबर मात्रा में मिलाएं। इसमें थोड़ा नमक और 1 चम्मच मक्खन डालकर अच्छी तरह मिला लें। अब आवश्यकतानुसार पानी मिलाते हुए एक नरम और लचीला आटा गूंथ लें। आटे पर हल्का सा तेल लगाकर 10 मिनट के लिए ढककर रख दें। इसके बाद आटे की बड़ी-बड़ी लोइयां (पेड़े) बना लें और उन्हें भी 10 मिनट का रेस्ट दें।

स्टफिंग और लच्छा रोलिंग

एक लोई लें और उसे पतली रोटी की तरह बेल लें। अब इसके ऊपर पिघला हुआ मक्खन अच्छी तरह फैलाएं। इसके बाद ऊपर से बारीक कटा लहसुन, चिली फ्लेक्स, हरा धनिया, थोड़ा सा नमक और सूखा आटा छिड़कें। रोटी को आयताकार मोड़कर दो हिस्सों में काटें और एक के ऊपर दूसरा रखकर गोल घुमाते हुए लच्छा पेड़ा तैयार करें। अब हल्के हाथों से सूखा आटा लगाकर इसे पराठे के रूप में बेल लें।

पराठा सेकना

तवे पर थोड़ा तेल या घी गर्म करें। बेले हुए पराठे को गर्म तवे पर डालें और मध्यम आंच पर दोनों तरफ से पलटकर क्रिस्पी और सुनहरा होने तक सेकें।चटनी रायता तैयार करना ब्लेंडर में धनिया, पुदीना, हरी मिर्च, अदरक, चाट मसाला, काला नमक, भुना जीरा, सादा नमक और दही डालकर एक साथ ब्लेंड कर लें। ऊपर से थोड़ा नींबू का रस मिलाएं।

परोसने का तरीका

गर्मा-गर्म चिली गार्लिक लच्छा पराठा तवे से उतारने के बाद हल्का सा हाथों से दबाएं ताकि इसकी हर परत (लच्छे) खुलकर सामने आ जाए। इसे ठंडे चटनी रायते और मक्खन के साथ परोसें। यह रेसिपी सिर्फ 35 मिनट में तैयार हो जाती है और आपके डिनर का मजा दोगुना कर देती है।

Suneet Singh
सुनीत सिंहauthor

सुनीत सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में डिप्टी न्यूज एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और लाइफस्टाइल सेक्शन में स्पेशल स्टोरीज प्रोजेक्ट का नेतृत्व कर रहे हैं। टीवी और डिजिटल पत्रकारिता में 13 वर्षों के अनुभव के साथ, सुनीत उन बहुमुखी पत्रकारों में शामिल हैं जिन्होंने न्यूजरूम और फील्ड—दोनों मोर्चों पर खुद को साबित किया है। माइक, कैमरा और एडिटिंग डेस्क तीनों से उनकी सहज जुगलबंदी ने उन्हें एक संतुलित और विश्वसनीय मीडिया प्रोफेशनल के रूप में स्थापित किया है। पिछले 10 वर्षों से सुनीत लाइफस्टाइल, लिटरेचर, सिनेमा और संस्कृति से जुड़ी गहन व विश्लेषणात्मक स्टोरीज लिखते रहे हैं और अबतक 12,000 से अधिक आर्टिकल पब्लिश कर चुके हैं। उनकी लेखन शैली गहराई, मौलिक दृष्टिकोण और रिसर्च-आधारित प्रस्तुति से पहचानी जाती है। वे विषयों की बारीकियों को पकड़कर उन्हें सरल, प्रभावी और पाठकों से जुड़ने वाली भाषा में ढालने में दक्ष हैं।

और पढ़ें
End of Article