देश

क्या केजरीवाल पंजाब जैसा गुजरात में दिखाएंगे कमाल? दो राज्यों पर क्या कहता है ओपिनियन पोल

  • Agency by: Agency
  • Updated Oct 3, 2022, 07:11 PM IST

Opinion Poll on Gujarat and Himachal Pradesh: गुजरात और हिमाचल प्रदेश दोनों जगहों पर अगले कुछ महीनों में चुनाव होने जा रहे हैं। ऐसे में जनता का मूड भांपने के लिए एबीपी और सी वोटर ने एक ओपिनियन पोल किया है। इस सर्वे में कुछ चीजें स्पष्ट रूप से सामने आई हैं।

Image

गुजरात और हिमाचल प्रदेश में इस साल के अंत में विधानसभा का चुनाव होगा।

Photo : PTI
KEY HIGHLIGHTS
  • इस साल के अंत में हिमाचल प्रदेश एवं गुजरात दोनों राज्यों में होंगे विधानसभा चुनाव
  • दोनों ही राज्यों में भाजपा की सरकार है, सत्ता में फिर से वापसी कर सकती है भगवा पार्टी
  • एबीपी-सी वोटर ने जनता का मूड भांपने के लिए ओपिनियन पोल किया है

Opinion Poll on Gujarat : साल के अंत में गुजरात (Gujarat) एवं हिमाचल प्रदेश (Himachal Pradesh) में विधानसभा चुनाव (Assembly Elections) होने है। इन दोनों ही राज्यों में भारतीय जनता पार्टी (BJP) की सरकार है। भगवा पार्टी को इन दोनों ही राज्यों में अपनी सरकार बचाने की जहां चुनौती है। वहीं आम आदमी पार्टी (AAP) इस बार दोनों ही राज्यों में अपनी छाप छोड़ना चाहती है। अब तक इन दोनों ही राज्यों में मुख्य मुकाबला भाजपा और कांग्रेस (Congress) के बीच होता आया है लेकिन अरविंद केजरीवाल की पार्टी राजनीतिक रूप से जिस तरह से सक्रिय है उससे दोनों ही दलों पर दबाव आ गया है। गुजरात और हिमाचल प्रदेश दोनों जगहों पर अगले कुछ महीनों में चुनाव होने जा रहे हैं। ऐसे में जनता का मूड भांपने के लिए एबीपी और सी वोटर (ABP-C Voter)ने एक ओपिनियन पोल (Opinion Poll) किया है। इस सर्वे में कुछ चीजें स्पष्ट रूप से सामने आई हैं।

गुजरात-हिमाचल प्रदेश में फिर बनेगी BJP की सरकार

इस ओपिनियन पोल की मानें तो दोनों ही राज्यों में भाजपा की सरकार एक बार फिर बनेगी। गुजरात में बीते दो दशकों से सत्ता में काबिज भाजपा एक बार फिर सत्ता में वापसी करेगी। सर्वे के अनुसार विधानसभा की 182 सीटों में से भाजपा 135 से 143 सीटें जीत सकती है। जबकि कांग्रेस के खाते में 36 से 44 सीटें जा सकती हैं। वहीं, आम आदमी पार्टी दो सीटें जीत सकती है। वोट प्रतिशत की अगर बात करें तो भाजपा को 46.8 प्रतिशत, कांग्रेस को 32.3 फीसदी और आप को 17.4 प्रतिशत वोट मिल सकता है। सर्वे में गुजरात के पसंदीदा सीएम को लेकर भी सवाल किया गया। लोगों की पहली पसंद भूपेंद्र पटेल बने हुए हैं। आप ने अपने सीएम पद के उम्मीदवार की घोषणा नहीं की है जबकि तीसरे नंबर पर पूर्व सीएम विजय रूपाणी हैं।

हिमाचल में 37 से 45 सीट जीत सकती है भाजपा

हिमाचल प्रदेश में विधानसभा की 68 सीटें है। सर्वे के मुताबिक यहां भाजपा 37 से 45 सीट जीत सकती है। जबकि कांग्रेस के खाते में 21 से 20 सीटें जा सकती हैं। यहां इस बार भाजपा के वोट शेयर में कमी देखने को मिल सकती है। आम आदमी पार्टी पहाड़ी राज्य में अपना प्रभाव जमाने की कोशिश में है लेकिन सर्वे की मानें तो उसका यहां पर खाता मुश्किल से खुलेगा। आप यहां कोई ज्यादा राजनीतिक प्रभाव दिखाती नजर नहीं आ रही है। इस पर्वतीय राज्य में मुख्य मुकाबला भाजपा और कांग्रेस के बीच होता दिख रहा है। हिमाचल में भाजपा को 45.2 प्रतिशत, कांग्रेस को 33.9 फीसदी और आप को 9.5 फीसदी वोट मिल सकता है। यहां जयराम ठाकुर सीएम पद के लिए लोगों की पहली पसंद हैं। इसके बाद सीएम पद के लिए अनुराग ठाकुर दूसरे और कांग्रेस की प्रतिभा सिंह तीसरे नंबर की पसंद हैं।

गुजरात में लोग सरकार से नाराज लेकिन बदलाव नहीं चाहते

इस विधानसभा चुनाव में मतदाताओं के लिए प्रमुख मुद्दे बेरोजगारी एवं बिजली, पानी एवं सड़क हैं। गुजरात में सर्वे में शामिल 39.9 प्रतिशत लोगों ने कहा कि वे सरकार से नाराज हैं लेकिन सरकार नहीं बदलना चाहते। वहीं, 33.9 फीसदी का कहना है कि वे मौजूदा सरकार से नाराज हैं और नई सरकार चाहते हैं। सर्वे के 26.2 फीसदी लोगों ने कहा कि वे सरकार से नाराज नहीं हैं और सरकार को बदलना नहीं चाहते। गुजरात में भाजपा साल 1998 से सत्ता में है। जबकि हिमाचल प्रदेश में भाजपा 2017 में कांग्रेस को हराकर सत्ता में आई। आप ने पिछली बार गुजरात में चुनावी किस्मत आजमाया था लेकिन उसका प्रदर्शन काफी खराब रहा।

आलोक कुमार राव
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article