देश

टीपू सुल्तान जयंती समारोह में BJP पार्षद का AIMIM नेता ने किया स्वागत, Video वायरल होने पर महाराष्ट्र में मचा सियासी बवाल

महाराष्ट्र के धाराशिव में टीपू सुल्तान जयंती समारोह में BJP पार्षद विलास लोंढे शामिल हुए। AIMIM पार्षद अजहर मुजावर ने उनका स्वागत किया। जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल है।

Image

टीपू सुल्तान की जयंती समारोह में BJP पार्षद विलास लोंढे शामिल हुए जिनका स्वागत AIMIM पार्षद अजहर मुजावर ने किया। (Times Now Navbharat)

महाराष्ट्र के धाराशिव में टीपू सुल्तान जयंती समारोह में बीजेपी (BJP) के एक पार्षद की मौजूदगी चर्चा का विषय बन गई है। यहां बीजेपी पार्षद विलास लोंढे टीपू सुल्तान की जयंती के मौके पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान AIMIM के पार्षद अजहर मुजावर ने उनका जोरदार स्वागत किया। कार्यक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद राजनीतिक विवाद शुरू हो गया है।

AIMIM पार्षद ने BJP पार्षद का किया स्वागत

दरअसल, 21 नवंबर 2026 को धाराशिव के टीपू सुल्तान चौक पर जयंती समारोह आयोजित किया गया था। इस कार्यक्रम में बीजेपी पार्षद विलास लोंढे भी पहुंचे थे। खास बात यह रही कि AIMIM पार्षद अजहर मुजावर ने उनका स्वागत किया। दोनों नेताओं की मुलाकात और साथ में मौजूदगी के वीडियो और तस्वीरें अब सोशल मीडिया पर खूब चर्चा बटोर रही हैं। बताया जा रहा है कि विलास लोंढे ने खुद इस कार्यक्रम की एक रील बनाकर सोशल मीडिया पर शेयर की थी। इसके बाद यह वीडियो तेजी से वायरल हो गया। बीजेपी पार्षद के टीपू सुल्तान जयंती समारोह में शामिल होने और AIMIM पार्षद के साथ उनकी तस्वीरें सामने आने के बाद कई तरह के सवाल उठने लगे।

विवाद बढ़ा तो बीजेपी पार्षद ने दी सफाई

वीडियो वायरल (Viral Video) होने के बाद जब इस मामले पर राजनीतिक विवाद बढ़ा तो विलास लोंढे ने अपनी मौजूदगी को लेकर सफाई दी। उन्होंने कहा कि टीपू सुल्तान चौक उनके वार्ड में आता है। ऐसे में वहां आयोजित कार्यक्रम में शामिल होना उनका कर्तव्य था। उनके मुताबिक, अपने वार्ड में होने वाले कार्यक्रम में जाना उनकी जिम्मेदारी है।

कार्यक्रम में लगी तस्वीर पर दिखा धाराशिव का पुराना नाम

इस समारोह की एक और बात लोगों का ध्यान खींच रही है। कार्यक्रम में टीपू सुल्तान को एक शेर के साथ खड़े हुए दिखाया गया। इसके अलावा कार्यक्रम से जुड़ी तस्वीरों में जिले का पुराना नाम उस्मानाबाद भी लिखा नजर आया। गौरतलब है कि पहले धाराशिव जिले को उस्मानाबाद के नाम से जाना जाता था। बाद में इसका नाम बदलकर धाराशिव कर दिया गया। फिलहाल, बीजेपी पार्षद की इस कार्यक्रम में मौजूदगी को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हैं। सोशल मीडिया पर भी लोग इस घटना को लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। एक स्थानीय कार्यक्रम में शामिल होने को लेकर शुरू हुआ यह विवाद अब राजनीतिक गलियारों तक पहुंच गया है।

Pankaj Yadav
पंकज यादवauthor

पंकज यादव टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में वायरल और ट्रेंडिंग कंटेंट तैयार करते हैं। कंटेंट राइटिंग में 6 वर्षों का अनुभव रखने वाले पंकज सोशल मीडिया ट्रेंड्स, ह्यूमन इंटरेस्ट और ऑफबीट न्यूज दिलचस्प और यूजर-फ्रेंडली अंदाज में लिखने में माहिर हैं और अबतक आठ हजार से अधिक कंटेंट प्रकाशित कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article