देश

इतनी हड़बड़ी में क्यों SIR करा रहा चुनाव आयोग? CEC ज्ञानेश कुमार ने विपक्ष के आरोपों का दिया जवाब

Election Commission: चुनाव आयोग ने रविवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर विपक्षी दलों की ओर से लगाए गए तमाम आरोपों का जवाब दिया। इस दौरान चुनाव आयोग ने यह भी बताया कि विधानसभा चुनाव से पहले बिहार में एसआईआर कराने की जरूरत क्यों पड़ी। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने पूछा कि चुनाव से पहले मतदाता सूची शुद्ध करनी चाहिए या बाद में?

Image

मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार (फोटो साभार: Election Commission)

Election Commission: चुनाव आयोग ने रविवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर चुनाव में धांधली और मतदाता सूची में गड़बड़ी से जुड़े आरोपों का जवाब दिया। साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि बिहार में विधानसभा चुनाव से पहले आखिर एसआईआर क्यों कराया गया। मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार ने कहा कि चुनाव आयोग राजनीतिक दलों के बीच भेदभाव नहीं कर सकता; चुनाव प्राधिकरण के समक्ष सत्तारूढ़ और विपक्षी दल समान हैं।

इतनी हड़बड़ी में क्यों हो रहा SIR?

सीईसी ज्ञानेश कुमार ने कहा कि चुनाव से पहले मतदाता सूची शुद्ध करनी चाहिए या बाद में? चुनाव से पहले मतदाता सूची शुद्ध होनी चाहिए और यह बात लोक प्रतिनिधित्व कानून कहता है कि हर चुनाव से पहले मतदाता सूची शुद्ध करनी पड़ेगी और यह चुनाव आयोग का चुनावी दायित्व है। उन्होंने कहा कि 24 जून से 20 जुलाई तक में ही एसआईआर की प्रक्रिया पूरी हो गई... बिहार में 2003 में एसआईआर हुआ था और उस समय 14 जुलाई से 14 अगस्त तक एसआईआर हुआ था। उस समय भी सफलतापूर्वक एसआईआर संपन्न हुआ था।

SIR पर गलत सूचना फैला रहे कुछ दल

सीईसी ज्ञानेश कुमार ने कहा कि मतदाता सूची के एसआईआर का उद्देश्य मतदाता सूचियों में सभी त्रुटियों को दूर करना है और यह गंभीर चिंता का विषय है कि कुछ दल इसके बारे में गलत सूचना फैला रहे हैं। चुनाव आयोग का यह बयान ऐसे समय आया है, जब कांग्रेस और 'इंडिया' ब्लाक में शामिल अन्य दलों ने कथित 'वोट-चोरी' के खिलाफ चुनावी राज्य बिहार में 'वोटर अधिकार यात्रा' शुरू की।

चुनाव आयोग ने विपक्षी दलों के 'वोट चोरी' के आरोपों को निराधार करार दिया और कहा कि सभी हितधारक पारदर्शी तरीके से एसआईआर को सफल बनाने के लिए काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह गंभीर चिंता का विषय है कि कुछ दल और उनके नेता बिहार में एसआईआर के बारे में गलत सूचना फैला रहे हैं। चुनाव आयोग सभी राजनीतिक दलों से बिहार में मसौदा मतदाता सूची पर दावे और आपत्तियां दर्ज करने का आग्रह करता है... अभी 15 दिन बाकी हैं।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article