देश

पश्चिम बंगाल में बदलेगी सियासत? नितिन नवीन के एक्शन प्लान की पहली झलक, यहीं से शुरू होगी नए अध्यक्ष की सियासी यात्रा

नितिन नवीन के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद पार्टी मुख्यालय में तीन चरणों में अहम बैठकें हुईं। पहले सत्र में औपचारिक स्वागत कार्यक्रम आयोजित किया गया, दूसरे सत्र में कोर टीम के साथ रणनीतिक चर्चा हुई, जबकि तीसरे सत्र में राज्यों के अध्यक्षों, संगठन मंत्रियों और चुनाव प्रभारियों के साथ अलग-अलग बैठकें की गईं। इन बैठकों में खासतौर पर चुनावी राज्यों पर फोकस किया गया।

Image

बंगाल पर भाजपा का फोकस।

भारतीय जनता पार्टी को नया नेतृत्व मिलते ही संगठन में हलचल तेज हो गई है। राष्ट्रीय अध्यक्ष पद संभालते ही नितिन नवीन पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रहे हैं। संगठन को मजबूत करने से लेकर आगामी विधानसभा और स्थानीय निकाय चुनावों की रणनीति तक, पार्टी मुख्यालय में दिनभर मंथन का दौर चला। संकेत साफ हैं कि बीजेपी की नई राजनीतिक शुरुआत पश्चिम बंगाल से होगी।

पार्टी मुख्यालय में चला दिनभर बैठकों का दौर

नितिन नवीन के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद पार्टी मुख्यालय में तीन चरणों में अहम बैठकें हुईं। पहले सत्र में औपचारिक स्वागत कार्यक्रम आयोजित किया गया, दूसरे सत्र में कोर टीम के साथ रणनीतिक चर्चा हुई, जबकि तीसरे सत्र में राज्यों के अध्यक्षों, संगठन मंत्रियों और चुनाव प्रभारियों के साथ अलग-अलग बैठकें की गईं। इन बैठकों में खासतौर पर चुनावी राज्यों पर फोकस किया गया।

चुनावी राज्यों की तैयारियों पर लिया गया फीडबैक

बैठक के बाद बीजेपी महासचिव अरुण सिंह ने बताया कि नव निर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष ने सभी चुनावी राज्यों से संगठन और चुनावी तैयारियों की विस्तृत रिपोर्ट ली है।जमीनी स्तर पर संगठन की स्थिति, बूथ मैनेजमेंट और कार्यकर्ताओं की सक्रियता को लेकर व्यापक फीडबैक लिया गया।

बूथ से लेकर मंडल तक संगठन मजबूत करने पर जोर

बैठकों में बूथ और मंडल स्तर पर संगठन को और मजबूत करने, कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने और चुनावी समन्वय को धार देने पर विशेष चर्चा हुई। पार्टी ने तय किया है कि जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत करने के लिए विशेष अभियान चलाए जाएंगे।

युवाओं को जोड़ने और ‘मन की बात’ को प्रभावी बनाने की रणनीति

युवाओं को पार्टी से जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाने पर सहमति बनी है। इसके साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय कार्यक्रम ‘मन की बात’ को संगठनात्मक स्तर पर और प्रभावी तरीके से जन-जन तक पहुंचाने की रणनीति पर भी मंथन हुआ।

पांच राज्यों पर खास फोकस, अलग-अलग रोडमैप तैयार

पश्चिम बंगाल, असम, केरल, तमिलनाडु और पुडुचेरी को लेकर पार्टी ने स्पष्ट रणनीति तैयार करने के संकेत दिए हैं। बीजेपी का आकलन है कि पश्चिम बंगाल में सत्ता परिवर्तन की मजबूत संभावना है, असम में सरकार दोबारा बनेगी, केरल में प्रदर्शन बेहतर होगा और तमिलनाडु व पुडुचेरी में भी पार्टी सरकार बनाने की दिशा में आगे बढ़ेगी।

बंगाल से होगी नितिन नवीन के राज्यों के दौरे की शुरुआत

पार्टी सूत्रों के मुताबिक, राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद नितिन नवीन का पहला दौरा पश्चिम बंगाल का हो सकता है। इस दौरान वे कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे और कोर ग्रुप के साथ अहम बैठक कर चुनावी रणनीति को अंतिम रूप देंगे।

आक्रामक रणनीति के साथ चुनावी मैदान में उतरेगी बीजेपी

कुल मिलाकर नितिन नवीन के नेतृत्व में बीजेपी ने साफ संकेत दे दिए हैं कि आने वाले चुनावों में संगठनात्मक मजबूती के साथ आक्रामक राजनीतिक रणनीति अपनाई जाएगी। पार्टी अब जमीनी स्तर पर सक्रियता बढ़ाकर चुनावी रण में बढ़त बनाने की तैयारी में जुट गई है।
Himanshu Tiwari
हिमांशु तिवारीauthor

हिमांशु तिवारी एक पत्रकार हैं जिन्हें प्रिंट से लेकर इलेक्ट्रॉनिक्स तक का 16 साल का अनुभव है। मैंने अपना करियर क्राइम रिपोर्टर के रूप में शुरू किया था लेकिन बाद में पॉलिटिकल रिपोर्टिंग में शिफ्ट हो गया। पिछले 12 से अधिक वर्षों से बीजेपी, आरएसएस को कवर कर रहे हैं, कुछ आम चुनावों और कई विधानसभा चुनावों की सटीक रिपोर्टिंग भी की है। "सारी दुनिया एक मंच है" और इसलिए रंगमंच और नाटक लिखने में गहरी रुचि है।

और पढ़ें
End of Article