देश

SIR: ममता बनर्जी ने फिर लिखा मुख्य चुनाव आयुक्त को पत्र; एसआईआर को लेकर उठाए ये सवाल

ममता बनर्जी ने कहा कि यह अत्यंत चिंताजनक है कि पूरे देश में एक समान अधिनियम और नियमों के तहत संचालित प्रक्रिया को विभिन्न राज्यों में अलग-अलग तरीके से लागू किया जा रहा है, जबकि प्रक्रिया, कार्यप्रणाली और पद्धति में एकरूपता सुनिश्चित किया जाना आवश्यक है।

Image

एसआईआर के विरोध में ममता बनर्जी ने लिखा पत्र। फोटो- एएनआई

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने गहन मतदाता पुनरीक्षण (SIR) को लेकर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को फिर से पत्र लिखा है। इसमें उन्होंने एसआईआर को लेकर अपनाई जा रही एसओपी को अपनाने के तरीकों पर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा है कि यह बेहद चिंताजनक है कि पूरे देश में लागू एक समान अधिनियम और नियमों द्वारा संचालित प्रक्रिया को राज्यों में अलग-अलग तरीके से लागू किया जा रहा है। बता दें कि पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी इससे पहले भी कई बार चुनाव आयुक्त को इस प्रक्रिया की बाबत पत्र लिख चुकी हैं।

ममता बनर्जी ने क्या लिखा पत्र में?

ममता बनर्जी ने कहा कि यह अत्यंत चिंताजनक है कि पूरे देश में एक समान अधिनियम और नियमों के तहत संचालित प्रक्रिया को विभिन्न राज्यों में अलग-अलग तरीके से लागू किया जा रहा है, जबकि प्रक्रिया, कार्यप्रणाली और पद्धति में एकरूपता सुनिश्चित किया जाना आवश्यक है।

वर्तमान में चल रहे एसआईआर के तहत तार्किक विसंगति से जुड़े मामलों की सुनवाई और निपटान की प्रक्रिया,बैक-एंड सत्यापन एवं निस्तारण के लिए सूक्ष्म पर्यवेक्षकों और पर्यवेक्षकों की तैनाती,साथ ही परिवार रजिस्टर और निवास प्रमाण पत्र जैसे दस्तावेजों की स्वीकार्यता को लेकर पश्चिम बंगाल में अपनाई जा रही प्रक्रिया अन्य राज्यों में प्रचलित प्रक्रियाओं से पूरी तरह भिन्न है।

एसआईआर प्रक्रिया में हुई 140 मौतों के लिए केंद्र सरकार जिम्मेदार: अभिषेक बनर्जी

इस बीच अमित शाह के बयान पर पलटवार करते हुए टीएमसी नेता अभिषेक बनर्जी ने एसआईआर प्रक्रिया में हुई 140 मौतों के लिए केंद्र सरकार जिम्मेदार ठहराया। बनर्जी ने कहा कि अगर राज्य सरकार 25 मौतों के लिए जिम्मेदार है, तो क्या एसआईआर प्रक्रिया में हुई 140 मौतों के लिए केंद्र सरकार जिम्मेदार नहीं है? भाजपा शवों पर गिद्धों की राजनीति कर रही है। यह दुर्भाग्यपूर्ण है।

उन्होंने कहा कि चुनाव नजदीक आ रहे हैं, इसलिए भाजपा नेता अक्सर बंगाल का दौरा कर रहे हैं। जनता इसका जवाब देगी। नीरव मोदी भी प्रधानमंत्री के साथ विदेश यात्रा पर गए थे। उद्योगपतियों का मुख्यमंत्री के साथ विदेश यात्रा करना सामान्य बात है,लेकिन एक दुखद घटना पर गंदी राजनीति करना भाजपा की पुरानी चाल है।

तृणमूल कांग्रेस नेता ने यह भी कहा कि सरकार के लिए किसी निजी फैक्ट्री के गोदाम के अंदर क्या हो रहा है, उस पर नजर रखना संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि सूचना मिलते ही सरकार और जिला प्रशासन ने उचित कार्रवाई की और गिरफ्तारियां कीं। उन्होंने कहा कि हम चाहते हैं कि अगर कोई और इसमें शामिल है, चाहे वह कितना भी बड़ा उद्योगपति क्यों न हो, हमारी सरकार उसे बर्दाश्त नहीं करेगी।

अभिषेक ने आगे कहा कि अगर भाजपा आनंदपुर घटना के लिए ममता बनर्जी को जिम्मेदार ठहराना चाहती है, तो भाजपा को एसआईआर के कारण सौ से अधिक लोगों की मौत की जिम्मेदारी भी लेनी चाहिए।

इस बीच, तृणमूल कांग्रेस के अखिल भारतीय महासचिव ने केंद्र सरकार और भाजपा पर तीखा हमला करते हुए सवाल उठाया कि मतदाता सूची के मसौदे में घुसपैठियों के नाम क्यों नहीं हैं।

bhawana gupta
भावना किशोरauthor

उत्तर प्रदेश के गोरखपुर मूल की भावना ने देश के प्रतिष्ठित संस्थान IIMC से 2014 में पत्रकारिता की पढ़ाई की. 12 सालों से मीडिया में काम कर रही हैं. न्यूज़ नेशन, इंडिया न्यूज़, टीवी 9 भारतवर्ष और ज़ी न्यूज़, न्यूज 18 में काम करने का अनुभव. अभी Times Now में Special correspondent हैं.दिल्ली सरकार, स्वास्थ्य ,रेल, कल्चरल, शिक्षा मंत्रालयों के साथ दिल्ली क्राइम ,पॉलिटिक्स और राजधानी की हर छोटी बड़ी खबरों पर खास तौर से नजर रखती हैं. लोगों से जुड़ी खबरों पर काम करने और लोगों तक सही और सटीक खबरें पहुंचाने को अपना मकसद मानती हैं।

और पढ़ें
End of Article