देश

Weather Updates: उत्तर भारत में जल्द दस्तक देगी ठंड? कश्मीर के इस इलाके में हुई मौसम की पहली बर्फबारी

कश्मीर के ऊंचाई वाले इलाकों में इस सीजन की पहली बर्फबारी हुई है। गुलमर्ग के अफरवत और अनंतनाग के सिंथन टॉप समेत कई ऊँचे क्षेत्रों में बर्फ गिरी, जबकि श्रीनगर व मैदानी इलाकों में हल्की बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि 5 से 7 अक्टूबर के बीच पश्चिमी विक्षोभ के असर से कश्मीर के ऊँचाई वाले इलाकों में मध्यम से भारी बर्फबारी और मैदानी क्षेत्रों में बारिश हो सकती है।

Image

कश्मीर के ऊंचाई वाले इलाकों में इस सीजन की पहली बर्फबारी हुई है। (फोटो सोर्स: ANI)

Photo : ANI

कश्मीर के ऊंचाई वाले इलाकों में शुक्रवार को मौसम की पहली बर्फबारी हुई और आने वाले दिनों में और बर्फबारी होने की संभावना है। मौसम विभाग ने यह जानकारी दी।

उत्तरी कश्मीर के बारामूला स्थित प्रसिद्ध स्की रिजॉर्ट गुलमर्ग के अफ़रवत और दक्षिण में अनंतनाग ज़िले के सिंथन टॉप में बर्फबारी हुई।

अधिकारियों ने बताया कि श्रीनगर और उसके आसपास के इलाकों सहित मैदानी इलाकों में कुछ जगहों पर हल्की बारिश हुई।

मौसम विभाग ने कहा कि पश्चिमी विक्षोभ रविवार से जम्मू-कश्मीर और आसपास के क्षेत्रों को प्रभावित कर सकता है।

पांच अक्टूबर से सात अक्टूबर तक मध्यम बर्फबारी की आशंका

विभाग ने एक परामर्श में कहा, ‘‘इस प्रणाली के प्रभाव से पांच अक्टूबर से सात अक्टूबर, 2025 तक जम्मू-कश्मीर में व्यापक रूप से हल्की से मध्यम बारिश या बर्फबारी (ऊंचे इलाकों में) होने की संभावना है। यह गतिविधि पांच अक्टूबर की रात से सात अक्टूबर की सुबह के दौरान होगी।’’

इसमें कहा गया है कि इस प्रणाली के कारण अनंतनाग-पहलगाम, कुलगाम, सिंथन दर्रा, शोपियां, पीर की गली, सोनमर्ग-ज़ोजिला, बांदीपुरा-राजदान दर्रा, गुलमर्ग और कुपवाड़ा-साधना दर्रे की ऊंची चोटियों पर मध्यम से भारी बर्फबारी होने की संभावना है।

परामर्श के अनुसार, कश्मीर के मध्य इलाकों में हल्की बर्फबारी और मैदानी इलाकों में मध्यम से भारी बारिश की भी संभावना है।

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article