देश

Weather Update: आज कैसा रहेगा आपके इलाके में मौसम, जानिए इन राज्यों में मोचा का कितना असर

  • Authored by: अमित कुमार मंडल
  • Updated May 9, 2023, 11:19 AM IST

बंगाल की खाड़ी से उठा मोचा तूफान तीव्र होता जा रहा है। इसके चलते ओडिशा सहित कुछ अन्य राज्यों में अलर्ट जारी किया गया है। यहां मौसम में बड़ा बदलाव दिख रहा है।

Image

आज कैसा रहेगा आपके इलाके में मौसम

Photo : BCCL

Weather Update: दिल्ली समेत पूरे उत्तर भारत का मौसम लगातार बदल रहा है। इस बीच बंगाल की खाड़ी से उठा मोचा तूफान भी अपना असर दिखा रहा है। सोमवार को दिल्ली-एनसीआर समेत कई जगहों पर हल्की बारिश हुई। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, सोमवार को अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री कम 37.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान सामान्य से चार डिग्री कम 20.8 डिग्री सेल्सियस रहा।

मौसम विभाग के मुताबिक, मंगलवार को आसमान साफ रहने और दिन में तेज हवाएं चलने का अनुमान है। अधिकतम और न्यूनतम तापमान 37 डिग्री और 20 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना। उत्तर भारत में कई जगहों पर हल्की बारिश हो सकती है।

मोचा हो रहा तीव्र

बंगाल की खाड़ी से उठा मोचा तूफान तीव्र होता जा रहा है। इसके चलते ओडिशा सहित कुछ अन्य राज्यों में अलर्ट जारी किया गया है। यहां मौसम में बड़ा बदलाव दिख रहा है। आईएमडी के डीजी मृत्‍युंजय मोहापात्रा ने बताया क‍ि चक्रवाती तूफान 10 मई तक धीरे-धीरे बढ़ेगा और तीव्र होता रहेगा। यह बंगाल की खाड़ी के मध्य भाग की ओर बढ़ता रहेगा। 12 मई की सुबह तक बंगाल की पूर्वी मध्य खाड़ी के बीचोंबीच होगा।

ओडिशा-बंगाल

मोचा तूफान के कारण ओडिशा के साथ ही पश्चिम बंगाल के सभी जिलों को अलर्ट पर रखा गया है। मौसम विभाग ने इन राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी दी है। ओडिशा में एसडीआरएफ और एनडीआरएफ को आपात स्थितियों के लिए तैयार रहने को कहा गया है। इसके साथ ही मछुआरों के लिए भी एडवाइजरी जारी की गई है। मौसम विभाग ने मछुआरों को 8 से 11 मई के दौरान समुद्र के अंदर नहीं जाने की सलाह दी है। जो लोग समुद्र में गए हैं, उन्हें लौटने को कहा है।

उत्तर प्रदेश

मंगलवार को मौसम में उतार चढ़ाव का क्रम जारी रहेगा। मौसम विभाग के मुताबिक, हल्के से मध्यम बादल बने रहने के आसार हैं। 10 मई तक तेज हवाओं और गरज चमक के साथ बूंदाबांदी और तेज बारिश होने की संभावना है। सोमवार को बादल और तेज धूप का सिलसिला चलता रहा। मंगलवार को तापमान में एक-दो डिग्री का उतार चढ़ाव संभव है।

हिमाचल प्रदेश

प्रदेश में अधिकतर स्थनों पर मौसम के साफ रहने का अनुमान है। कुछ स्थानों पर बादल छाए रहने की संभावना भी है।

बिहार

अगले पांच दिनों तक प्रदेश का मौसम शुष्क बना रहेगा। पछुआ हवा के प्रभाव से अगले तीन दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है। पांच दिन बाद बंगाल की खाड़ी से नमीयुक्त हवा का प्रवाह शु्रू होने से तापमान में गिरावट आएगी।

झारखंड

चाईबासा, जमशेदपुर और सरायकेला क्षेत्र में मंगलवार को आसमान पूरी तरह साफ रहने की संभावना है। पलामू, गढ़वा और लातेहार में पारा 42 डिग्री पहुंच गया है। फिलहाल मौसम शुष्क ही बना रहेगा। तेज धूप निकलेगी और गर्म हवाएं चलेंगी।

मध्य प्रदेश

सोमवार को गर्मी ने लोगों को परेशान किया। हालांकि बादल छाए रहे और तापमान में 38 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक मंगलवार को शहरवासियों को गर्मी का अहसास होगा। दिन में हल्के बादल भी छा सकते हैं। आने वाले दिनों में गर्मी का असर बढ़ने की संभावना है।

अमित कुमार मंडल
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article