देश

Weather Report Today : उत्तर भारत में लगातार हो रही है तापमान में गिरावट, दक्षिण में हल्की बारिश के हैं आसार

  • Authored by: किशोर जोशी
  • Updated Nov 25, 2022, 07:46 AM IST

उत्तर भारत में ठंड धीरे-धीरे पांव पसार रही है। राजधानी दिल्ली और एनसीआर में पारा लगातार गिर रहा है। वहीं उत्तर भारत के अधिकांश इलाकों में भी ठंड ने दस्तक दे दी है। वहीं दक्षिण भारत के कई हिस्सों में हल्की बारिश होने की संभावना है।

Image

प्रतीकात्मक तस्वीर

Photo : BCCL

Weather Update Today : राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली सहित एनसीआर (Delhi NCR) में ठंड का आगाज हो चुका है। दिल्ली का न्यूनतम तापमान इस सप्ताह अब तक 9 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया है जो इस समय के औसत से लगभग 3 डिग्री सेल्सियस कम है। मौसम विभाग की मानें तो दिल्लीवासियों को इस सप्ताह के अंत में तापमान में और गिरावट के लिए तैयार रहना पड़ सकता है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के क्षेत्रीय मौसम केंद्र के अनुसार, पूरे उत्तर पश्चिम भारत में न्यूनतम तापमान अगले तीन रातों में धीरे-धीरे लगभग 2 डिग्री सेल्सियस गिरने की उम्मीद है। दिल्ली में, बुधवार और गुरुवार (23-24 नवंबर) को रात के समय का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा लेकिन शुक्रवार से अगले सोमवार (25-28 नवंबर) तक इसके और नीचे 8 डिग्री सेल्सियस तक गिरने का अनुमान लगाया गया है।

तमिलनाडु में चक्रवाती हवाओं का खतरा

वहीं दक्षिण की बात करें तो स्काईमेट के मुताबिक, तमिलनाडु में समुद्र के ऊपर कम दबाव के क्षेत्र में कमी आई है। हालांकि, एक चक्रवाती हवाओं ा खतरा तमिलनाडु और आसपास के क्षेत्रों पर बना हुआ है। उत्तर अंडमान सागर और आसपास के क्षेत्रों में जल्द ही चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र विकसित होने की संभावना है। पिछले 24 घंटों के दौरान, दक्षिण आंध्र प्रदेश और उत्तरी तमिलनाडु में हल्की से मध्यम बारिश के साथ एक या दो स्थानों पर भारी बारिश दर्ज की गई। अंडमान और निकोबार द्वीप समूह और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में छिटपुट हल्की से मध्यम बारिश हुई। गोवा, आंतरिक कर्नाटक, लक्षद्वीप और तटीय आंध्र प्रदेश में हल्की बारिश हुई। राजस्थान में एक-दो स्थानों पर शीत लहर चली।

यहां शीत लहर की आशंका

अगले 24 घंटों के दौरान, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, उत्तरी तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश संभव है। तटीय आंध्र प्रदेश, लक्षद्वीप और तेलंगाना और गोवा में एक या दो स्थानों पर हल्की बारिश संभव है। राजस्थान के कुछ हिस्सों में शीत लहर की स्थिति जारी रहने की उम्मीद है।

किशोर जोशी
किशोर जोशीauthor

राजनीति में विशेष दिलचस्पी रखने वाले किशोर जोशी को और खेल के साथ-साथ संगीत से भी विशेष लगाव है। यह टाइम्स नाउ हिंदी डिजिटल में नेशनल डेस्क पर कार्यरत हैं। किशोर के पास डिजिटल मीडिया का 10 सालों का अनुभव है।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!