Ranchi News: राजधानी में ठंड बढ़ने वाली है। अगले तीन दिनों में न्यूनतम तापमान में एक से दो डिग्री गिरावट आएगी। तापमान 10 डिग्री के नीचे जाने के आसार हैं। इसके साथ ही दिसंबर के पहले हफ्ते में शीतलहर चलने की आशंका बनी हुई है। इस बारे में रांची स्थित भारतीय मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि सूबे के पश्चिमी हिस्सों में शीतलहर चल रही है। पलामू, गढ़वा, चतरा, कोडरमा, लातेहार और लोहरदगा शीतलहर से प्रभावित हैं। वहीं, गुरुवार को रांची का न्यूनतम तापमान 11 डिग्री दर्ज किया गया।
रांची में गुरुवार की सुबह कोहरा छाया रहा। इसके बाद धूप खिली और मौसम साफ हो गया। शुक्रवार सुबह भी कोहरे और धुंध रहने की संभावना है। इसके बाद आसमान साफ रहेगा। हालांकि मौसम शुष्क बना रहेगा। पिछले 24 घंटे में दिन के तापमान में दो डिग्री की गिरावट आ चुकी है। रात के तापमान में भी एक डिग्री की गिरावट दर्ज हुई है। रात का न्यूनतम तापमान 12.7 डिग्री पहुंच गया है।
दिन का गिरेगा तापमान
मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक के मुताबिक आने वाले पांच दिनों तक दिन के तापमान में गिरावट आएगी। 24 डिग्री से 26 डिग्री के बीच तापमान पहुंचने के आसार हैं। जबकि रात के तापमान में एक से दो डिग्री की गिरावट आएगी, जिस कारण न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। ऐसे में मौसम वैज्ञानिक द्वारा लोगों को अधिक सर्तक रहने के लिए कहा गया है। खासतौर पर छोटे-छोटे बच्चों और बुजुर्गों को गर्म कपड़े पहनने और बहुत जरूरी काम होने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी गई है।रांची समेत पूरे झारखंड में डिप्रेशन का असाररांची समेत पूरे झारखंड में मौसम के डिप्रेशन (समुद्री हवाओं का असर ) का असर देखने को मिल रहा है। दरअसल, नॉर्थ तमिलनाडु और पुदुचेरी में एक डिप्रेशन बना है और पूर्वी हवा के साथ झारखंड में बादल आने की संभावना है। इस कारण दिन और रात के तापमान में अभी अधिक बढ़ोतरी होने के आसार कम हैं।
