Weather Forecast : मौसम ने करवट बदलना शुरू कर दिया है। गर्मी का सितम बढ़ने वाला है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD)दिल्ली के वैज्ञानिक डॉ सोमा सेन रॉय ने शनिवार को बताया कि दिल्ली, आगरा और मेरठ और हरियाणा में आज लू (Heatwave) चलने की संभावना है। 17 अप्रैल से पश्चिमी विक्षोभ के कारण दिल्ली के तापमान में कमी आने की संभावना है। 18 और 19 अप्रैल को दिल्ली समेत उत्तर-पश्चिमी मैदानी इलाकों में फिर से गरज के साथ छींटे पड़ने और बारिश होने की संभावना है। मध्य भारत के मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, विदर्भ और उत्तर कर्नाटक में आज तूफान आने की संभावना है।
दिल्ली में कुछ अलग-अलग स्थानों पर हीटवेव की स्थिति होने की संभावना है क्योंकि राष्ट्रीय राजधानी में अधिकतम तापमान एक दिन पहले बढ़कर 39.4 डिग्री सेल्सियस हो गया, जो सामान्य से तीन डिग्री अधिक है। यह इस सीजन में अब तक का सर्वाधिक अधिकतम तापमान रिकॉर्ड किया गया।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार अक्षरधाम के पास स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स 41.9 डिग्री सेल्सियस पर सबसे गर्म स्टेशन था। पीतमपुरा और फरीदाबाद में अधिकतम तापमान क्रमश: 41.4 और 41.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
आईएमडी के अनुसार नजफगढ़ और रिज में 40.8 डिग्री सेल्सियस और पूसा में 40.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लोधी रोड, आयानगर और पालम में क्रमश: 39.4, 39.1 और 39 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
आईएमडी ने शनिवार के लिए 'येलो' अलर्ट जारी किया है। जहां सफदरजंग वेधशाला में अगले तीन दिनों तक अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है, वहीं अन्य स्टेशनों पर यह 42-43 डिग्री सेल्सियस को छू सकता है। आईएमडी के एक अधिकारी ने कहा कि लोगों को गर्म मौसम के दौरान सावधानी बरतने और हाइड्रेटेड रहने की सलाह दी जाती है।
