देश

हमें भारतीय किसानों का आभारी होना चाहिए- यूरोपीय कृषि आयोग के अध्यक्ष ने भूमिपुत्रों की तारीफ में पढ़े कसीदे, गिनाईं उपलब्धियां

  • Edited by: शिशुपाल कुमार
  • Updated Dec 9, 2023, 06:41 PM IST

वैश्विक खाद्य सुरक्षा के प्रति भारतीय किसानों की भूमिका को स्वीकार करते हुए, यूरोपीय कृषि आयोग के अध्यक्ष जानुज़ वोज्शिचोव्स्की ने कहा कि भारत और यूरोपीय संघ (ईयू) दोनों के पास व्यापार संबंधों को बढ़ाने की भारी क्षमता है।

Image

यूरोपीय कृषि आयोग के अध्यक्ष जानुज़ वोज्शिचोव्स्की

Photo : Twitter

भारतीय किसानों की उपलब्धियां का गुणगान अब पूरी दुनिया करने लगी है। उनकी मेहनत और अनाज उत्पादन की क्षमता के कारण विश्व पटल पर एक अलग पहचान बन रही है। यूरोपीय कृषि आयोग के अध्यक्ष ने भारतीय किसानों की तारीफ करते हुए कहा कि हमें भारतीय किसानों का आभारी होना चाहिए।

भारत दौरे पर जानुज़ वोज्शिचोव्स्की

वैश्विक खाद्य सुरक्षा के प्रति भारतीय किसानों की भूमिका को स्वीकार करते हुए, यूरोपीय कृषि आयोग के अध्यक्ष जानुज़ वोज्शिचोव्स्की ने कहा कि भारत और यूरोपीय संघ (ईयू) दोनों के पास व्यापार संबंधों को बढ़ाने की भारी क्षमता है। ANI से बात करते हुए यूरोपीय संघ के अधिकारी ने कहा कि मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) को लेकर चर्चा सकारात्मक रही है और भौगोलिक संकेत के संरक्षण से संबंधित समझौता भारत और यूरोपीय संघ दोनों के खाद्य उत्पादों को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

किसानों की तारीफ में पढ़े कसीदे

यूरोपीय संघ के अधिकारी ने उत्पादकता के लिए भारतीय किसानों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि इससे वैश्विक खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने में मदद मिली है। उन्होंने कहा- "...वैश्विक खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने में उनके योगदान के लिए हमें भारतीय किसानों का आभारी होना चाहिए। और छोटे किसान...2 हेक्टेयर से बड़े नहीं। वे दुनिया में केवल 12 प्रतिशत कृषि भूमि का प्रबंधन करते हैं, लेकिन वे 35 प्रतिशत भोजन का उत्पादन करते हैं। यह भारतीय किसानों और एशिया के अधिकांश किसानों की सफलता की कहानी है। क्योंकि एशियाई देशों में, अधिकांश किसान बहुत छोटे हैं, लेकिन वे बहुत उत्पादक हैं। हम उनके लिए आभारी हैं क्योंकि भोजन सुरक्षा हम सभी के लिए वैश्विक चुनौती है।"

कृषि उत्पादन में वृद्धि

उन्होंने कहा कि पिछले साल भारत को यूरोपीय खाद्य निर्यात 1.4 बिलियन यूरो था और यूरोपीय संघ में भारतीय आयात 3.7 बिलियन यूरो था और इस व्यापार में और वृद्धि की संभावना है। आगे जानुज़ वोज्शिचोव्स्की ने कहा-"मैं भारतीय किसानों की सफलता और उपलब्धियों से प्रभावित हूं... भारत में, पिछले दशक में 2004 से 2020 तक कृषि उत्पादन में 24 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। यह सभी के लिए एक बड़ी उपलब्धि है।"

शिशुपाल कुमार
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article