देश

कोलकाता गोदाम हादसा: फिरहाद हकीम और दो पूर्व पार्षदों के खिलाफ शिकायत, FIR दर्ज करने की मांग

कोलकाता गोदाम हादसे को लेकर फिरहाद हकीम और दो पूर्व पार्षदों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई है। ये शिकायत भारतीय जनता मजदूर सेल (बीजेएमसी) ने दर्ज कराई है।

Image

कोलकाता में गोदाम ढहा

कोलकाता के तारातला इलाके में गोदाम ढहने से 16 लोगों की मौत के बाद राजनीतिक और कानूनी हलचल तेज हो गई है। इस हादसे को लेकर भारतीय जनता मजदूर सेल (बीजेएमसी) ने पूर्व महापौर फिरहाद हकीम और पूर्व पार्षद अनवर खान तथा शम्स इकबाल के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। साथ ही उनके खिलाफ प्राथमिकी (FIR) दर्ज करने की मांग की है।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि बीजेएमसी (दक्षिण कोलकाता जिला) ने गुरुवार को तारातला थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि शहर में अवैध निर्माणों को अनुमति देने में इन नेताओं की भूमिका रही, जिसके कारण इमारत और गोदाम ढहने जैसी घटनाएं सामने आईं।

इस शिकायत में क्या?

शिकायत में कहा गया है कि कोलकाता बंदरगाह क्षेत्र में बार-बार होने वाली ऐसी दुर्घटनाएं अनधिकृत निर्माण, गंभीर लापरवाही और संभावित आपराधिक साजिश का परिणाम हैं। इसमें वार्ड संख्या 80 के पूर्व पार्षद अनवर खान और वार्ड संख्या 134 के पूर्व पार्षद शम्स इकबाल की भूमिका की भी विस्तृत जांच की मांग की गई है।

की गई हैं ये मांग

शिकायतकर्ता ने तत्काल FIR दर्ज करने, अवैध निर्माण के लिए जिम्मेदार सभी लोगों की पहचान करने और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। साथ ही भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए इलाके के अन्य असुरक्षित ढांचों का सर्वेक्षण और निरीक्षण कराने का भी आग्रह किया गया है।

पुलिस ने अभी तक नहीं दर्ज की है एफआईआर

हालांकि, कोलकाता पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शिकायत मिलने के बावजूद अभी तक FIR दर्ज नहीं की गई है। पुलिस अधिकारी ने कहा कि शिकायत की जांच की जा रही है और कानूनी प्रक्रिया के तहत आरोपों का सत्यापन किया जाएगा। जांच में पर्याप्त आधार मिलने पर ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।

बीजेएमसी के दक्षिण कोलकाता जिला अध्यक्ष और शिकायतकर्ता एम. बी. महेश ने कहा कि अवैध और असुरक्षित निर्माणों के कारण बार-बार निर्दोष लोगों की जान जाना केवल हादसा नहीं माना जा सकता। उन्होंने निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की।

अब तक 16 लोगों की हो चुकी है मौत

बुधवार को तारातला के ट्रांसपोर्ट डिपो रोड स्थित गोदाम ढहने की घटना में अब तक 16 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 17 घायल राज्य संचालित एसएसकेएम मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती हैं। राहत एवं बचाव अभियान अभी भी जारी है।

फिरहाद हकीम के तत्कालीन ओएसडी कालीचरण बंद्योपाध्याय गिरफ्तार

इस मामले में निर्माण कार्य से जुड़े पांच लोगों के साथ-साथ फिरहाद हकीम के विशेष कार्याधिकारी (ओएसडी) कालीचरण बंद्योपाध्याय को गिरफ्तार किया जा चुका है। वहीं, पश्चिम बंगाल सरकार ने हादसे की जांच के लिए विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया है।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article