उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा और समाजवादी पार्टी के बीच सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। इसी क्रम में प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने रविवार को बरेली में सपा प्रमुख अखिलेश यादव और उनके पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) फॉर्मूले पर निशाना साधा। उन्होंने पीडीए को 'परिवार डेवलपमेंट एजेंसी' बताते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी का यह नारा केवल परिवार के विकास तक सीमित है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से मतदाता सूची में अधिक से अधिक लोगों के नाम दर्ज कराने की अपील करते हुए कहा कि 2027 के चुनाव में सपा की साइकिल को पंचर करना है।
केशव प्रसाद मौर्य बरेली के एमबी इंटर कॉलेज मैदान में आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह एवं सामाजिक समरसता सम्मेलन में शामिल होने पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया और भाजपा कार्यकर्ताओं को आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटने का संदेश दिया।
इस दौरान उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने बरेली की सभी नौ विधानसभा सीटों के साथ पूरे मंडल की 25 सीटों पर भाजपा की जीत का लक्ष्य रखा। उन्होंने कहा कि हम बरेली मंडल की सभी 25 सीटें जीतेंगे और हमें पूरा भरोसा है कि उत्तर प्रदेश में लगातार तीसरी बार भाजपा की सरकार बनेगी। सपा प्रमुख पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव और समाजवादी पार्टी का विकास तथा कानून-व्यवस्था के मामले में कोई अच्छा रिकॉर्ड नहीं रहा है, उनके संबंध अपराधियों और माफियाओं से रहे हैं..."
'सपा का पीडीए नारा फर्जी', अखिलेश यादव पर साधा निशाना
सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर हमला बोलते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा कि जनता अब समाजवादी पार्टी के पीडीए नारे की वास्तविकता समझ चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा की राजनीति परिवारवाद, जातिवाद और तुष्टीकरण पर आधारित है। वहीं, भाजपा सभी वर्गों को साथ लेकर चलने वाली पार्टी है। पार्टी की विचारधारा सामाजिक समरसता पर आधारित है, जिसमें समाज के हर वर्ग को स्थान दिया गया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से भाजपा की नीतियों और सरकार की योजनाओं को लोगों तक पहुंचाने की अपील की।मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए चलाएंगे अभियान
केशव प्रसाद मौर्य ने मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के अभियान को आगामी चुनाव की तैयारियों से जोड़ते हुए कार्यकर्ताओं को विशेष रूप से सक्रिय रहने को कहा। उन्होंने बताया कि 18 नवंबर से मतदाता सूची में नए नाम जोड़ने के लिए एक महीने का अभियान चलाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि 18 वर्ष की उम्र पूरी कर चुके युवाओं के साथ उन सभी पात्र लोगों को मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराना चाहिए, जिनका नाम अभी तक इसमें शामिल नहीं है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में वोट सबसे बड़ा अधिकार है और इसका इस्तेमाल करने के लिए मतदाता सूची में नाम होना जरूरी है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक पात्र मतदाताओं का पंजीकरण कराने की अपील की।
80 करोड़ लोगों को मिल रहा मुफ्त राशन: केशव मौर्य
उपमुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत देश के करीब 80 करोड़ लोगों को राशन उपलब्ध कराया जा रहा है। सरकार लाभार्थियों के धर्म के आधार पर भेदभाव नहीं करती। इसी तरह आयुष्मान भारत योजना के जरिए गरीब परिवारों को इलाज की सुविधा दी जा रही है। उन्होंने कहा कि चार यूनिट वाले कुछ पात्र परिवारों के आयुष्मान कार्ड नहीं बन पाए थे। ऐसे परिवारों को भी जल्द कार्ड उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जाएगा। उनके मुताबिक, सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के सभी वर्गों तक पहुंचाया जा रहा है।
कांग्रेस-सपा पर विकास का विजन नहीं होने का आरोप
केशव मौर्य ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि इन दलों के पास विकास को लेकर कोई स्पष्ट दृष्टिकोण नहीं है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 2047 तक विकसित भारत बनाने के लक्ष्य का जिक्र करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश को भी विकास की राह पर आगे बढ़ाना है।वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव के दौरान भाजपा के 400 पार के नारे को लेकर हुए राजनीतिक विवाद का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि विपक्ष ने संविधान और आरक्षण खत्म किए जाने का डर दिखाकर जनता को गुमराह करने की कोशिश की थी। उन्होंने कहा कि भाजपा न तो आरक्षण समाप्त कर सकती है और न ही संविधान को नुकसान पहुंचने देगी।
राम मंदिर और कानून व्यवस्था का भी किया जिक्र
उपमुख्यमंत्री ने अयोध्या में राम मंदिर निर्माण का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा ने मंदिर बनाने का वादा किया था, जिसे पूरा किया गया। उन्होंने सपा सरकार के कार्यकाल पर आरोप लगाते हुए कहा कि उस समय कांवड़ यात्रा और दूसरे धार्मिक आयोजनों में बाधाएं आती थीं। उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार के नौ साल से अधिक के कार्यकाल में प्रदेश में दंगों पर नियंत्रण रहा है और कानून व्यवस्था की स्थिति में सुधार हुआ है।
भगवान बिरसा मुंडा की जयंती का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार देश के उन सभी महापुरुषों को सम्मान देने का काम कर रही है, जिनका योगदान देश की आजादी और विकास में रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा अगड़ी, पिछड़ी और अनुसूचित जाति समेत सभी वर्गों को साथ लेकर चलने की नीति पर काम कर रही है।
