टाइम्स नाउ नवभारत 'EXCLUSIVE' : महिला मार्शल के साथ बदसलूकी का वीडियो, विपक्ष के आरोप कितने सही!

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Aug 12, 2021, 02:20 PM IST

विपक्ष का आरोप है कि सदन में महिला सांसदों के साथ बदसलूकी हुई है लेकिन यह वीडियो साफ दिखाता है कि हंगामे के दौरान विपक्ष के सांसदों ने महिला मार्शलों के साथ कैसा बर्ताव किया।

नई दिल्ली : कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सरकार पर आरोप लगाया है कि राज्यसभा में 'बाहरी लोगों को बुलाकर सांसदों के साथ मारपीट की गई।' लेकिन 'टाइम्स नाउ नवभारत' के हाथ सदन के अंदर का एक एक्सक्लूसिव वीडियो मिला है। यह वीडियो विपक्ष के इस दावे पर कि सदन में महिला सांसदों के साथ बदसलूकी हुई, सवाल उठाता है। दरअसल, इस वीडियो में सदन के अंदर की तस्वीर दिखाई दी है। हंगामा कर रहे विपक्ष को रोकने के लिए वहां मार्शल खड़े हैं। इन मार्शलों में एक महिला मार्शल भी है जिसके साथ विपक्ष की एक सांसद धक्का-मुक्की करती दिखी है। बताया जा रहा है कि यह महिला सांसद कांग्रेस की है। 

विपक्ष का आरोप है कि महिला सांसदों के साथ बदसलूकी हुई
विपक्ष का आरोप है कि सदन में महिला सांसदों के साथ बदसलूकी हुई है लेकिन यह वीडियो साफ दिखाता है कि हंगामे के दौरान विपक्ष के सांसदों ने महिला मार्शल के साथ कैसा बर्ताव किया। सरकार की तरफ से राज्यसभा का यह वीडियो जारी हुआ है। विपक्ष के सांसदों का कहना है कि महिला सांसदों के साथ धक्का-मुक्की हुई है लेकिन अंदर की तस्वीर कुछ और कहानी बयां कर रही है।

मंगलवार को राज्यसभा में विपक्ष ने किया हंगामा
मंगलवार को राज्यसभा में विपक्ष ने जोरदार हंगामा किया। कांग्रेस सांसद प्रताप बाजवा ने रूल बुक फेंक दी। इस तरह का घटनाक्रम फिर न हो, इसे रोकने के लिए सदन में महिला मार्शल की तैनाती की गई थी। सदन का हालात बिगड़ने से रोकने के लिए मार्शलों की तैनाती होती है। इस वीडियो में साफ दिखाई देता है कि विपक्ष की एक महिला सांसद महिला मार्शल को अपनी तरफ खींचकर ले जाती है। एक महिला मार्शल के साथ इस तरह का व्यवहार महिला सांसद के आचरण पर सवाल उठाता है। 

End of Article