Opinion India ka: एक गलती छिपाने के लिए कितनी गलती करेंगे राहुल गांधी?

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Aug 17, 2021, 11:48 PM IST

Opinion India ka: 'ओपिनियन इंडिया का' अफगानिस्तान से लेकर देश के कई मुद्दों पर बात हुई। उत्तराखंड के चुनावी रण की भी बात हुई। पहाड़ के मैदान में अरविंद केजरीवाल भी आधिकारिक रूप से कूद गए।

ओपिनियन इंडिया का में बात हुई राहुल गांधी की उस एक गलती की जिसे छिपाने के लिए वो कई गलती करते गए। दरअसल कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने दिल्ली की रेप पीड़िता के परिवार की पहचान ट्विटर पर उजागर की थी। इस पर पीड़ित बच्ची की मां ने राहुल गांधी के झूठ का खुलासा किया है। टाइम्स नाउ नवभारत की एक्सक्लूसिव खबर ने राहुल गांधी और कांग्रेस को कठघरे में खड़ा कर दिया है। ट्विटर एकाउंट लॉक होने के बाद कांग्रेस ने पीड़ित बच्ची के मां-बाप के जिस कंसेंट लैटर के आधार पर राहुल गांधी का ट्विटर हैंडल अनलॉक कराया, वो दावा ही झूठा निकला है।

लोकतंत्र में राजनीति का मिजाज है कि आरोप-प्रत्यारोप हों। एक दूसरे को कमियों के लिए कठघरे में भी खड़ा किया जाए। लेकिन, इस मामले में दुर्भाग्यपूर्ण तरीके से रेप पीड़ित बच्ची के परिवार को मुहरा बनाया गया।

वहीं अफगानिस्तान में तालिबान का शासन कायम हो चुका है, और तालिबान के आतंक के क्या, क्यों, कैसे जैसे तमाम सवालों के जवाब इस कार्यक्रम में दिए गए। प्रधानमंत्री ने सीसीएस की बैठक में अधिकारियों से कहा कि काबुल में फंसे भारतीयों को निकालने में कोई कोर कसर ना छोड़ी जाए। इतना ही नहीं, जो लोग भारत को उम्मीद भरी निगाह से देख रहे हैं, उनकी मदद की जाए।

बात उत्तराखंड के चुनावी रण की भी हुई। पहाड़ के मैदान में अरविंद केजरीवाल भी आधिकारिक रूप से कूद गए। केजरीवाल ने उत्तराखंड के लिए अपने सीएम उम्मीदवार के नाम का ऐलान कर दिया। और ये नाम है कर्नल अजय कोठियाल का। अजय कोठियाल सेना में कर्नल रह चुके हैं। करगिल का युद्ध लड़ चुके हैं। वीरता के लिए कीर्ति चक्र से सम्मानित हो चुके हैं। केजरीवाल ने आज उनके नाम का ऐलान करते वक्त उनके पराक्रम का गुणगान किया। ऐलान किया कि देवभूमि की सूरत और सीरत अजय कोठियाल जैसा देशभक्त ही बदल सकता है। इसके अलावा केजरीवाल ने ये भी ऐलान किया कि वो उत्तराखंड को विश्व भर के हिंदुओं की आध्यात्मिक राजधानी बनाएंगे।

End of Article