पंजाब: दिनदहाड़े कांग्रेस नेता और गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या, कैप्टन अमरिंदर समेत कई नेता AAP सरकार पर बरसे

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated May 29, 2022, 07:35 PM IST

Sidhu Moosewala Murder: पंजाब के मनसा जिले में मशहूर पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला को अज्ञात बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। उनकी हत्या के बाद कई नेता आम आदमी पार्टी सरकार पर हमलावर हैं।

पंजाब के मनसा जिले में अज्ञात लोगों ने पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की गोली मारकर हत्या कर दी है। फायरिंग की घटना में 2 अन्य लोग भी घायल हुए हैं। मूसेवाला पिछले साल पंजाब में विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस पार्टी में शामिल हुए थे। हत्या पर कांग्रेस पार्टी ने ट्वीट किया कि पंजाब से कांग्रेस उम्मीदवार और प्रतिभाशाली संगीतकार सिद्धू मूसेवाला की हत्या से कांग्रेस पार्टी और पूरे देश को गहरा धक्का लगा है। उनके परिवार, प्रशंसकों और दोस्तों के प्रति हमारी गहरी संवेदना है। पंजाब सरकार ने एक दिन पहले ही उनकी सुरक्षा वापस ली थी।

पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने ट्वीट किया कि सिद्धू मूसेवाला की निर्मम हत्या चौंकाने वाली है। शोक संतप्त परिवार के प्रति मेरी गहरी संवेदना है। पंजाब में कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। अपराधियों को कानून का डर नहीं है। आप की पंजाब सरकार बुरी तरह विफल रही है। पंजाब में कोई सुरक्षित नहीं है! हाल ही में कांग्रेस से बीजेपी में आए सुनील जाखड़ ने ट्वीट किया कि सिद्धू मूसेवाला की हत्या बेहद चौंकाने वाली है। सस्ता प्रचार पाने के लिए सुरक्षा मुद्दों से छेड़छाड़ के लिए आम आदमी पार्टी को जवाबदेह ठहराया जाना चाहिए। 

कांग्रेस नेता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा कि सिद्धू मूसेवाला की दिन दहाड़े हत्या से गहरा सदमा लगा है। दुनियाभर में पंजाब और पंजाबियों ने सामूहिक जुड़ाव वाला एक प्रतिभाशाली कलाकार खो दिया है, जो लोगों की नब्ज को महसूस कर सकता था। दुनियाभर में उनके चाहने वालों और प्रशंसकों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदना है।

हाल में कांग्रेस छोड़ने वाले हार्दिक पटेल ने कहा कि सरकार का अराजक हाथों में जाना किसी प्रदेश के लिए कितना घातक होता है, यह पंजाब ने आज एक बड़ी ही दुःखद घटना के साथ महसूस किया। कुछ दिन पूर्व एक अंतरराष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी और आज मशहूर युवा कलाकार सिद्धू मूसावाले की निर्मम हत्या महत्वपूर्ण सवाल खड़े कर रही हैं। पंजाब के मुख्यमंत्री और दिल्ली से आम आदमी पार्टी की पंजाब सरकार को चला रहे लोगों को सोचना होगा की क्या उन्हें कांग्रेस की तरह पंजाब को दुःख दर्द देनी वाली दूसरी पार्टी बनना है या सच में लोगों के लिए कुछ करना हैं। सिद्धू मूसेवाला को मेरी श्रद्धांजलि।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने ट्वीट किया कि होनहार कांग्रेस नेता और प्रतिभाशाली कलाकार सिद्धू मूसेवाला की हत्या से गहरा स्तब्ध और दुखी हूं। दुनियाभर से उनके चाहने वालों और प्रशंसकों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदना।

मनसा अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. रंजीत राय ने कहा कि कांग्रेस नेता और पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला को मृत लाया गया था। तीन लोगों को अस्पताल लाया गया, जिनमें से सिद्धू मूसेवाला की मौत हो गई। दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद आगे के इलाज के लिए उच्च संस्थान में रेफर कर दिया गया है।

भाजपा नेता मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा कि सिद्धू मूसेवाला मशहूर गायक थे। अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान की गंदी राजनीति के कारण उन पर जानलेवा हमला हुआ जिसमें उनकी जान चली गई। सबसे पहले वे लोगों की सुरक्षा वापस लेते हैं और फिर उनके नाम प्रकाशित करते हैं, मैंने चेतावनी दी थी कि यह खतरनाक हो सकता है।

End of Article