नई दिल्ली: केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार ने विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग (VBYLD) को इस बार और व्यापक एवं समावेशी बनाया है। यह डायलॉग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस दूरदर्शी विजन का जीवंत उदाहरण है, जिसका मुख्य उद्देश्य देश के युवाओं को केवल भविष्य का लीडर ही नहीं, बल्कि एक सक्षम 'राष्ट्र निर्माता' के तौर पर तैयार करना है।
विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग के दो सफल संस्करण पूरे होने के बाद तीसरे संस्करण का मंच तैयार हो रहा है। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने 2026 के केंद्रीय बजट भाषण को VBYLD के युवाओं के विचारों से प्रेरित बताया था।
VBYLD का कब होगा आयोजन?
विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग 2027 का आयोजन 10 से 12 जनवरी 2027 तक नई दिल्ली के भारत मंडपम में होने वाला है। पिछले दो वर्षों में युवाओं की बड़ी भागीदारी के बाद इस बार कार्यक्रम को नए स्वरूप में पेश किया जा रहा है।
22 भाषाओं में होगा क्विज
देश के युवाओं की बढ़ती आकांक्षाओं और अपेक्षाओं को ध्यान में रखते हुए इस वर्ष VBYLD के पूरे ढांचे को पुनर्गठित किया गया है। इस कार्यक्रम में अब 22 भाषाओं में क्विज होगा, ताकि देश के हर कोने का युवा अपनी भाषा में जुड़े। साथ ही कार्यक्रम में पहली बार 'यूथ एंटरप्रेन्योरशिप चैलेंज' को इसके एक प्रमुख ट्रैक के रूप में जोड़ा गया है। यूथ पार्लियामेंट के नेशनल फाइनलिस्ट्स को भी सीधे VBYLD के नेशनल इवेंट से जोड़ा जाएगा।
इसके अतिरिक्त, हर राज्य अपनी क्षेत्रीय प्राथमिकताओं के अनुरूप 'स्टेट VBYLD' आयोजित करेगा। इसका सीधा मतलब है कि इस बार स्थानीय समस्याओं के समाधान से लेकर राष्ट्रीय विकास तक की रूपरेखा तय की जाएगी।
विकसित भारत चैलेंज
विकसित भारत चैलेंज (Viksit Bharat Challenge) की शुरुआत 15 अगस्त से 30 सितंबर तक होने वाले डिजिटल क्विज (Digital Quiz) से होगी। इसके बाद अलग-अलग चरण आयोजित किए जाएंगे। जिनमें 5 से 19 अक्टूबर तक एसे राउंड (Essay Round), 10 से 16 नवंबर तक जिला चैम्पियनशिप पीपीटी राउंड (District Championship PPT Round), 17 नवंबर से 7 दिसंबर तक स्टेट VBYLD राउंड और 10 से 12 जनवरी तक नेशनल राउंड होगा।
राष्ट्रीय स्तर पर चयनित युवाओं को VBYLD 2027 के राष्ट्रीय कार्यक्रम (National Event) में भाग लेने का अवसर मिलेगा। इस कार्यक्रम के राष्ट्रीय दल (National Contingent) में कुल 1500 युवाओं को शामिल किया जाएगा। इसमें प्रत्येक राज्य से 45 और प्रत्येक केंद्र शासित प्रदेश से 30 युवा शामिल होंगे। राष्ट्रीय स्तर पर चुने गए युवाओं को भारत के भविष्य से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर अपने विचार और समाधान पेश करने का मौका मिलेगा।
इन विषयों पर रखेंगे अपने विचार
विकसित भारत चैलेंज में युवाओं को देश के भविष्य से जुड़े 10 क्षेत्रीय विषयों (Regional Themes) पर अपने विचार और समाधान देने का मौका मिलेगा। इनमें शासन (Governance), जलवायु सुरक्षा (Climate Security), ह्यूमन कैपिटल, सस्टेनेबिलिटी, एंटरप्रेन्योरशिप, टेक्नोलॉजी, ब्लू इकॉनमी और ग्लोबल कॉम्पिटिटिवनेस जैसे मुद्दे शामिल हैं।
ज्यादा से ज्यादा युवा हों शामिल
VBYLD 2027 के लिए युवाओं से ज्यादा से ज्यादा संख्या में जुड़ने की अपील की गई है। युवाओं से आग्रह किया गया है कि वह 'MY Bharat Portal' पर रजिस्टर करें और विकसित भारत क्विज में हिस्सा लें।
