INDIA Bloc Rally: जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री और नेशनल कॉन्फ्रेंस प्रमुख फारूक अब्दुल्ला ने रविवार को दिल्ली में आयोजित रामलीला मैदान रैली में भारतीय जनता पार्टी (BJP) और आरएसएस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि हमने भारत के लिए खून दिया है। पहले भी दिया है, आज भी दे रहे हैं और कल भी देंगे। हमें इसी वतन में रहना है।
EC पर भी बरसे फारूक अब्दुल्ला
चुनाव आयोग पर निशाना साधते हुए फारूक अब्दुल्ला ने कहा कि जिन्होंने वोट चोरी का काम किया, मैं चुनाव आयोग के उस अधिकारी से कहना चाहता हूं कि आज आपने एक करोड़ से ज्यादा हिंदुओं को भी निकाल दिया तो क्या वो भी पाकिस्तानी हैं?
उन्होंने कहा कि वक्त आ गया है जब ये बात याद रखो। भारत में रहने वाले हिंदू, मुसलमान, सिख, ईसाई, बौद्ध, जैन सब भारतीय हैं और वह भारतीय ही रहेंगे, और भारतीय ही मरेंगे। उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान में सब बराबर हैं और सब बराबर वोट देंगे। इसके लिए हमें संघर्ष करना है कि कोई भी भारतीय वोट से महरूम न हो... मैं आपसे कहना चाहता हूं कि इनसे मत डरिये, ये जाएंगे।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: INDIA ब्लॉक की रैली में PM मोदी पर बरसे तेजस्वी यादव
उन्होंने आगे कहा कि अगर कोई भी प्रांत तरक्की से पीछे रह जाएगा तो देश तरक्की नहीं करेगा। कश्मीर पहले भी भारत का हिस्सा था। आज भी भारत का हिस्सा है और कल भी भारत का हिस्सा रहेगा। यह लोग इसे निकाल नहीं सकते हैं।
विपक्षी नेताओं ने रामलीला मैदान तक किया मार्च
इससे पहले, कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा, तृणमूल सुप्रीमो ममता बनर्जी, समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव, राजद नेता तेजस्वी यादव, एनसीपी (एसपी) नेता सुप्रिया सुले समेत अन्य विपक्षी नेताओं ने कनॉट प्लेस से लेकर रामलीला मैदान तक मार्च निकाला। इसके बाद, रामलीला मैदान में आयोजित रैली को संबोधित करते हुए तमाम विपक्षी नेताओं ने पीएम मोदी, आरएसएस और मुख्य चुनाव आयोग के खिलाफ जमकर निशाना साधा।
