देश

'शकुनि की तरह पासे फेंककर धोखा दे रहे',अखिलेश ने BJP पर कसा तंज, बोले- रामलीला मैदान बन गया लोकतंत्र की हल्दीघाटी

अखिलेश ने भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा कि बंगाल चुनाव की वो तस्वीरें कोई भूल नहीं सकता है, वहां पर फौज लगा करके और चुनाव से पहले एफआईआर करा करके पूरे के पूरे वोट कटवा दिए गए थे।

Image

अखिलेश यादव ने भाजपा पर कसा तंज।

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने दिल्ली के रामलीला मैदान से भाजपा और सीईसी ज्ञानेश कुमार के खिलाफ हमला बोला है। उन्होंने 'देश बचाओ महारैली'के मंच से बोलते हुए कथित चुनावी अनियमितताओं और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग की। यूपी के पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने कहा कि महाभारत में शकुनि ने पासे फेंक कर करके धोखा देने का काम किया था। मैं यह कह सकता हूं आज जन सैलाब और जन समर्थन देख कर के रामलीला मैदान में,आज रामलीला मैदान लोकतंत्र की हल्दी घाटी बन गया है।

अपने संबोधन के दौरान उन्होंने हालिया बंगाल चुनाव का भी जिक्र किया। अखिलेश ने भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा कि बंगाल चुनाव की वो तस्वीरें कोई भूल नहीं सकता है, वहां पर फौज लगा करके और चुनाव से पहले एफआईआर करा करके पूरे के पूरे वोट कटवा दिए गए थे।

'हम इंडिया गठबंधन के लोग हार मानने वाले नहीं'

उन्होंने कहा कि हम इंडिया गठबंधन के लोग हार मानने वाले नहीं हैं। हमने इनको पकड़ा इनकी चोरी पकड़ी है और मुझे याद है कि 2022 में जिस समय उत्तर प्रदेश में चुनाव हुआ था हम लोग सरकार नहीं बना पाए लेकिन उसके कारण पार्टी के कार्यकर्ता और पीडीए प्रहरियों ने एक-एक बूथ पर जाकर के वह वोट ढूंढने का काम किया। उन तमाम लोगों ने जिन्होंने 19 में वोट डाले थे, 2022 में वोट नहीं डाल पाए थे। हम लोगों ने बकायदा एफिडेविट देकर के चुनाव आयोग को जानकारी दी कि देखिए यह वोट काटे गए हैं, लेकिन समाजवादी पार्टी की एक भी शिकायत के ऊपर कोई कार्रवाई नहीं की गई।

'बनारस में डबल जीरो सीट आई, कहां गई उनकी डबल इंजन की सरकार'

अपने संबोधन में अखिलेश यादव ने भाजपा के डबल इंजन सरकार के नारे पर भी तंज कसा। उन्होंने हालिया एमएलसी चुनावों का जिक्र करते हुए बनारस के चुनावी नतीजों का हवाला दिया। अखिलेश ने कहा कि जब वहां पार्टी को 'डबल जीरो' सीट मिली,तो डबल इंजन सरकार का दावा कहां गया?उन्होंने उत्तर प्रदेश की राजनीति का जिक्र करते हुए भाजपा पर निशाना साधा और कहा कि राज्य की जनता चुनाव में राजनीतिक दलों को उनके कामकाज के आधार पर जवाब देती है।

यूपी में स्वागत टेढ़ा, विदाई अच्छी होती है'

अपने भाषण के अंत में अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश का जिक्र करते हुए भाजपा पर एक और राजनीतिक तंज कसा। उन्होंने कहा कि जो लोग उत्तर प्रदेश से आए थे, वे अब राज्य से बाहर जाएंगे। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश गवाह है कि यहां स्वागत भले ही टेढ़ा हो, लेकिन विदाई अच्छी होती है।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article