प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि पश्चिम बंगाल को रेल कनेक्टिविटी के क्षेत्र में बड़ी सौगात मिली है। उन्होंने बताया कि शनिवार को देश की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन पश्चिम बंगाल से शुरू की गई, जबकि राज्य को करीब आधा दर्जन नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनें भी मिली हैं।
हुगली में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि रविवार को तीन और अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों का उद्घाटन किया गया है। इनमें से एक ट्रेन उनके संसदीय क्षेत्र काशी (वाराणसी) और पश्चिम बंगाल के बीच संपर्क को और मजबूत करेगी।
रेल कनेक्टिविटी से विकास को रफ्तार
पीएम मोदी ने कहा कि नई ट्रेनों के शुरू होने से न केवल यात्रियों को आधुनिक और सुविधाजनक यात्रा मिलेगी, बल्कि इससे व्यापार, पर्यटन और रोज़गार के अवसर भी बढ़ेंगे। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार देशभर में रेलवे के आधुनिकीकरण और कनेक्टिविटी विस्तार पर लगातार काम कर रही है।
बंगाल के विकास में रेलवे की बड़ी भूमिका: पीएम मोदी
प्रधानमंत्री ने कहा कि पश्चिम बंगाल ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और आर्थिक रूप से महत्वपूर्ण राज्य है और यहां बेहतर रेल नेटवर्क राज्य के विकास को नई गति देगा। वंदे भारत और अमृत भारत जैसी आधुनिक ट्रेनों से आम लोगों को तेज, सुरक्षित और आरामदायक यात्रा का अनुभव मिलेगा।
