US Iran War: विदेश मंत्री एस जयशंकर पश्चिम एशिया (मिडिल ईस्ट) की स्थिति के संबंध में सोमवार को लोकसभा में बयान देंगे। संसद के बजट सत्र का दूसरा चरण सोमवार से शुरू होगा। रविवार शाम को जारी लोकसभा की नौ मार्च की संशोधित कार्यसूची के अनुसार, ’’डॉ. एस. जयशंकर पश्चिम एशिया की स्थिति के संबंध में एक बयान देंगे।’’ शनिवार तक, लोकसभा अध्यक्ष पद से ओम बिरला को हटाने की मांग वाला विपक्ष समर्थित प्रस्ताव ही सोमवार के लिए सूचीबद्ध एकमात्र आधिकारिक एजेंडा था।
52,000 से अधिक भारतीय लौटे स्वदेश
विपक्ष ने पश्चिम एशिया की स्थिति पर सदन में चर्चा की मांग की है। विदेश मंत्रालय ने कहा है कि क्षेत्र में हवाई मार्ग के आंशिक रूप से खोले जाने के बाद 52,000 से अधिक भारतीय स्वदेश लौट चुके हैं।
पश्चिम एशिया में सुरक्षा स्थिति नाजुक बनी हुई है क्योंकि अमेरिका और इजराइल संयुक्त रूप से ईरानी ठिकानों पर लगातार बमबारी कर रहे हैं, जबकि तेहरान पूरे क्षेत्र में इजराइली ठिकानों और अमेरिकी सैन्य अड्डों पर हमले करके जवाबी कार्रवाई कर रहा है।
अमेरिका-ईरान के बीच भीषण सैन्य संघर्ष जारी
बता दें कि ईरान-इजराइल और अमेरिका के बीच पिछले नौ दिनों से जंग जारी है। इस युद्ध ने पूरे विश्व को प्रभावित कर रखा है और तेल की आपूर्ति पर असर पड़ा है।ईरान पर इजराइल ने मिसाइल हमलों की बौछार कर दी है। शनिवार देर रात तेहरान में एक तेल डिपो के ऊपर आग की लपटें उठती दिखी जिससे ईरान युद्ध और भड़क उठा।
इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने एक सप्ताह से चल रहे इस संघर्ष के अगले चरण के लिए कई बड़े हमलों का वादा किया। वहीं, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शनिवार को कहा कि अगर रूस ने ईरान को मध्य पूर्व में अमेरिकी सैन्य कर्मियों और संपत्तियों को निशाना बनाने में मदद करने के लिए जानकारी दी है, तो यह बात महत्वहीन है, क्योंकि पिछले एक हफ्ते से युद्ध जारी है।
