अध्यात्म

Chhath Kharna Puja 2026: छठ पूजा के दूसरे दिन क्या होता है, खरना के दिन का महत्व, खरना पर क्या करते है​​​

छठ पूजा का दूसरा दिन खरना कहलाता है। इस दिन व्रती पूरे दिन उपवास रखते हैं और शाम को गुड़ की खीर और रोटी का प्रसाद ग्रहण करते हैं। जानिए खरना की परंपराएं, धार्मिक महत्व और पूजा का तरीका।

Image

छठ पूजा के दूसरे दिन क्या होता है, खरना पर क्या करते हैं

Chhath Kharna Puja 2026, छठ खरना पूजा 2026: छठ पूजा का नाम सुनते ही मन में नदी का किनारा, डूबते सूरज की लालिमा, बांस की टोकरी में सजे फल और लोकगीतों की मीठी आवाज गूंजने लगती है। चार दिनों तक चलने वाले इस महापर्व का हर दिन अपने आप में खास होता है। छठ पूजा के दूसरे दिन को खरना कहा जाता है। यह दिन केवल व्रत और पूजा तक सीमित नहीं है, बल्कि धैर्य, अनुशासन और मन की शुद्धता का भी संदेश देता है।

खरना के दिन व्रती सुबह से शाम तक उपवास रखते हैं। दिनभर पूजा की तैयारियां होती हैं और शाम को भगवान सूर्य तथा छठी मैया की पूजा के बाद प्रसाद ग्रहण किया जाता है। इस दिन बनने वाली गुड़ की खीर की खुशबू पूरे घर को भक्तिमय बना देती है। खरना के बाद ही छठ व्रत का सबसे कठिन चरण यानी 36 घंटे का निर्जला उपवास शुरू होता है। यहां पढ़ें खरना के दिन का महत्व, खरना पर क्या करते है।

छठ पूजा के दूसरे दिन क्या होता है?

नहाय खाय के साथ छठ पूजा की शुरुआत होती है, जिसके बाद दूसरे दिन को खरना कहते हैं। इस दिन व्रती सुबह स्नान करके व्रत का संकल्प लेते हैं। इसके बाद पूरे दिन कुछ भी खाए-पिए बिना उपवास रखा जाता है। शाम के समय घर की साफ-सफाई करके पूजा की तैयारी की जाती है। मिट्टी के चूल्हे पर प्रसाद बनाया जाता है। इसमें खासतौर पर गुड़ की खीर और रोटी शामिल होती है। कई घरों में चावल की खीर भी बनाई जाती है। सूर्यास्त के बाद शाम को पूजा करने पर पहले व्रती प्रसाद ग्रहण करते हैं। इसके बाद परिवार के अन्य सदस्यों और आसपास के लोगों में भी प्रसाद बांटा जाता है।

खरना के दिन का क्या महत्व है?

खरना का धार्मिक और भावनात्मक दोनों तरह से महत्व है। इस दिन व्रती अपने मन और शरीर को आने वाले कठिन व्रत के लिए तैयार करते हैं।

खरना का दिन छठ पूजा में बहुत खास माना जाता है। यह आस्था, धैर्य, अनुशासन और पवित्रता का प्रतीक है। इस दिन का उद्देश्य मन को शांत रखना और पूरी श्रद्धा के साथ छठी मैया के प्रति अपनी भक्ति प्रकट करना है। यह पर्व हमें सादगी, आस्था समर्पण और परिवार के साथ मिलकर खुशियां बांटने का संदेश भी देता है।

खरना पर क्या-क्या करते हैं

खरना के दिन कुछ खास परंपराओं का पालन किया जाता है।

  • सुबह स्नान: व्रती सुबह स्नान करके पूजा और व्रत की तैयारी करते हैं।
  • दिनभर उपवास: शाम की पूजा तक निर्जला उपवास रखा जाता है।
  • प्रसाद तैयार करना: गुड़ चावल की खीर और रोटी, केला जैसे पारंपरिक पकवान बनाए जाते हैं।
  • शाम की पूजा: सूर्य देव और छठी मैया की आराधना की जाती है।
  • प्रसाद ग्रहण करना: पूजा के बाद व्रती प्रसाद खाते हैं और फिर इसे दूसरों में बांटते हैं।
  • निर्जला व्रत की शुरुआत: खरना का प्रसाद ग्रहण करने के बाद लगभग 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू होता है, जो उषा अर्घ्य के बाद पूरा होता है।

खरना के प्रसाद में क्या खास होता है

खरना का प्रसाद इस दिन की सबसे खास पहचान है। गुड़ चावल की खीर को पारंपरिक तरीके से तैयार किया जाता है। कई जगह इसे मिट्टी के चूल्हे पर आम की लकड़ी से बनाया जाता है। इसके साथ गेहूं के आटे की रोटी भी बनाई जाती है। इस प्रसाद की खास बात सिर्फ इसका स्वाद नहीं, बल्कि इसे बनाने के पीछे जुड़ी श्रद्धा है।

Avni Bagrola
अवनी बागरोलाauthor

अवनी बागरोला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के लाइफस्टाइल सेक्शन में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं। फैशन, ब्यूटी, ट्रेंड्स, पर्सनल स्टाइलिंग और मॉडर्न लाइफस्टाइल से जुड़े कंटेंट पर उनकी मजबूत पकड़ उन्हें जेन Z और स्टाइल-सेवी ऑडियंस के बीच खास पहचान दिलाती है। अवनी की लेखन शैली सरल, ट्रेंडी और यूज़र-फ्रेंडली है, जो पाठकों को तेजी से बदलते फैशन व लाइफस्टाइल ट्रेंड्स को समझने में मदद करती है। अब तक 3000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुकी अवनी क्रिएटिव अप्रोच, अपडेटेड नॉलेज और रियल-टाइम ट्रेंड सेंस के लिए जानी जाती हैं।

और पढ़ें
End of Article