Uproar in West Bengal Assembly: पश्चिम बंगाल विधानसभा में गुरुवार को भारी हंगामा देखने को मिला। विधानसभा में नेता विपक्ष सुवेंदु अधिकारी के निलंबन का विरोध करे भाजपा विधायकों की सदन में तैनात मार्शलों से भिड़ंत हो गई। हंगामा करने पर भाजपा विधायक एवं चीफ व्हिप शंकर घोष और अग्निमित्रा पॉल को एक दिन के लिए सदन से निलंबित कर दिया गया। इस दौरान सदन में भारी शोरगुल और नारेबाजी हुई। सदन में हंगामे के वक्त मुख्यमंत्री ममता बनर्जी वहां मौजूद थीं। सीएम ने विपक्षी सदस्यों से शांत रहने की अपील की। हंगामे का यह वीडियो सुवेंदु अधिकारी ने अपने X पर पोस्ट किया है।
ममता का दावा-चर्चा के खिलाफ है भाजपा
विपक्ष के हंगामे पर सीएम ममता ने कहा कि भाजपा की पश्चिम बंगाल इकाई प्रवासियों पर हमलों पर विधानसभा में चर्चा के खिलाफ है क्योंकि भाजपा शासित राज्यों में ऐसी घटनाएं हो रही हैं। वहीं, निलंबित किए जाने के बाद सदन से बाहर जाने से इनकार करने के बाद भाजपा की पश्चिम बंगाल इकाई के मुख्य सचेतक शंकर घोष को मार्शल की मदद से विधानसभा से बाहर निकाला गया। सीएम ममता ने कहा कि पश्चिम बंगाल सरकार ने 2016 स्कूल शिक्षक भर्ती परीक्षा के ‘बेदाग’ उम्मीदवारों की भर्ती प्रक्रिया शुरू की। वर्ष 2016 की एसएससी परीक्षा के ‘दागी’ शिक्षकों को ग्रुप सी, डी पदों पर नियुक्त करने के लिए कानूनी विकल्पों पर विचार किया जा रहा है।
घोष की तबीयत बिगड़ी, एंबुलेंस बुलानी पड़ी
सदन में हंगामे के बाद शंकर घोष की तबीयत बिगड़ गई जिसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाने के लिए एंबुलेंस बुलानी पड़ी। नारेबाजी करने पर मार्शलों ने भाजपा के कुछ विधायकों को सदन से बाहर निकाला। भाजपा विधायक शंकर घोष, अग्निमित्रा पॉल और मिहिर गोस्वामी को सदन से निलंबित किया गया है।
