देश

यूपी: अमेठी की वोटर लिस्ट से पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी का नाम गायब, DM ने दिए जांच के आदेश

Smriti Irani: पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी का नाम अमेठी के मेदान मवई गांव की पंचायत मतदाता सूची से गायब पाए जाने के बाद प्रशासनिक गलियारों में हड़कंप मच गया है। अमेठी के जिलाधिकारी संजय चौहान ने इस गड़बड़ी की जांच के आदेश दे दिए हैं।

Image

पंचायत वोटर लिस्ट से पूर्व मंत्री स्मृति ईरानी का नाम गायब (फाइल फोटो)

Photo : PTI

Smriti Irani: उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। पूर्व केंद्रीय मंत्री और भाजपा नेता स्मृति ईरानी का नाम अमेठी के मेदान मवई गांव की पंचायत वोटर लिस्ट (मतदाता सूची) से गायब मिला है। हैरानी की बात यह है कि उनका नाम लोकसभा और विधानसभा चुनावों की मतदाता सूची (Panchayat voter list UP) में तो दर्ज है, लेकिन स्थानीय पंचायत चुनाव की लिस्ट से उनका नाम नदारद है।

10 जून को जब पंचायत वोटर लिस्ट जारी हुई, तब इस गड़बड़ी का पता चला। मामला सामने आते ही प्रशासन में हड़कंप मच गया है। अमेठी के जिलाधिकारी संजय चौहान ने इस पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए तुरंत जांच के आदेश दे दिए हैं। जिलाधिकारी का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगा कि इतनी बड़ी चूक कैसे हुई और नाम हटने के पीछे असली वजह क्या थी।

अमेठी में ही बनाया है अपना घर

स्मृति ईरानी (smriti irani voter list name missing) ने साल 2019 से 2024 तक लोकसभा में अमेठी का प्रतिनिधित्व किया था। साल 2019 के लोकसभा चुनाव में ऐतिहासिक जीत दर्ज करने के बाद, उन्होंने अमेठी को अपना स्थायी ठिकाना बनाने का फैसला किया था। इसके लिए उन्होंने गौरीगंज विधानसभा क्षेत्र के तहत आने वाले इसी मेदान मवई गांव में अपना एक नया घर भी बनाया। वह इस गांव की रजिस्टर्ड वोटर भी हैं और हालिया लोकसभा चुनाव में उन्होंने यहीं से अपने मताधिकार का इस्तेमाल भी किया था।

भाजपा ने दी अर्जी

इस पूरे घटनाक्रम पर भाजपा की अमेठी जिला इकाई के अध्यक्ष सुधांशु शुक्ला ने बताया कि स्मृति ईरानी का नाम दोबारा पंचायत वोटर लिस्ट में शामिल कराने के लिए संबंधित विभाग में आवेदन फॉर्म जमा कर दिया गया है। इसके साथ ही मामले को प्रशासन के बड़े अधिकारियों के सामने भी उठाया गया है। अधिकारियों ने पार्टी को आश्वासन दिया है कि जरूरी कागजी सत्यापन के बाद जल्द ही उनका नाम सूची में वापस जोड़ दिया जाएगा।आपको बता दें कि साल 2024 के लोकसभा चुनाव में स्मृति ईरानी को कांग्रेस के किशोरी लाल शर्मा के हाथों हार का सामना करना पड़ा था।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article