देश

भारत में ब्रिटेन के PM स्टार्मर, कारोबार, निवेश, सहयोग..एजेंडे में और क्या-क्या? प्रधानमंत्री मोदी से होगी मुलाकात

मोदी और स्टार्मर क्षेत्रीय और वैश्विक महत्व के मुद्दों पर भी विचारों का आदान-प्रदान करेंगे। दोनों नेता उद्योग विशेषज्ञों, नीति निर्माताओं और नवप्रवर्तकों के साथ भी बातचीत करेंगे। बृहस्पतिवार को दोनों नेता ‘जियो वर्ल्ड सेंटर’ में ‘ग्लोबल फिनटेक फेस्ट’ (जीएफएफ) के छठे संस्करण में भी हिस्सा लेंगे।

Image

बुधवार सुबह मुंबई पहुंचे ब्रिटेन के पीएम केअर स्टार्मर। तस्वीर-AP

Photo : AP

UK PM in India: ब्रिटेन के प्रधानमंत्री केअर स्टार्मर बुधवार सुबह मुंबई पहुंचे। ब्रिटेन का प्रधानमंत्री बनने के बाद उनकी यह पहली भारत यात्रा है। केअर के साथ एक बड़ा शिष्टमंडल भी आया है। ब्रिटेन के पीएम की मुलाकात प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुंबई में होगी। केअर की यात्रा कई लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है। इस मुलाकात के दौरान दोनों नेता भारत-ब्रिटेन व्यापक रणनीतिक साझेदारी के विविध पहलुओं और व्यापार एवं निवेश के प्रमुख आधार स्तंभों में की गई पहलों में प्रगति का जायजा लेंगे।

मुंबई में कई परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे PM मोदी

बुधवार से शुरू हो रही अपनी यात्रा के दौरान मोदी मुंबई में विभिन्न बुनियादी ढांचा परियोजनाओं का उद्घाटन भी करेंगे। स्टार्मर ब्रिटेन के प्रधानमंत्री का पदभार संभालने के बाद बुधवार को अपनी पहली भारत यात्रा शुरू कर रहे हैं। दोनों नेता बृहस्पतिवार को भविष्य की भारत-ब्रिटेन आर्थिक साझेदारी के एक केंद्रीय स्तंभ के रूप में भारत-ब्रिटेन व्यापक आर्थिक और व्यापार समझौते (सीईटीए) द्वारा प्रस्तुत अवसरों पर व्यवसायों एवं उद्योग जगत के नेताओं के साथ चर्चा करेंगे।

‘जियो वर्ल्ड सेंटर’ में कार्यक्रम

मोदी और स्टार्मर क्षेत्रीय और वैश्विक महत्व के मुद्दों पर भी विचारों का आदान-प्रदान करेंगे। दोनों नेता उद्योग विशेषज्ञों, नीति निर्माताओं और नवप्रवर्तकों के साथ भी बातचीत करेंगे। बृहस्पतिवार को दोनों नेता ‘जियो वर्ल्ड सेंटर’ में ‘ग्लोबल फिनटेक फेस्ट’ (जीएफएफ) के छठे संस्करण में भी हिस्सा लेंगे और इस अवसर पर लोगों को संबोधित करेंगे।‘ग्लोबल फिनटेक फेस्ट 2025’ दुनिया भर के नवप्रवर्तकों, नीति निर्माताओं, केंद्रीय बैंकरों, नियामकों, निवेशकों, शिक्षाविदों और उद्योग जगत के नेताओं को एक साथ लाने वाला कार्यक्रम है।

इन मुद्दों पर रखेंगे बात

कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), संवर्धित बुद्धिमत्ता, नवप्रवर्तन और समावेशन से प्रायोजित सम्मेलन का मुख्य विषय ‘बेहतर दुनिया के लिए वित्त को सशक्त बनाना’, एक नैतिक और टिकाऊ वित्तीय भविष्य को आकार देने में प्रौद्योगिकी एवं मानवीय दृष्टिकोण की प्रगति पर प्रकाश डालता है। इस वर्ष के आयोजन में 75 से अधिक देशों से 1,00,000 से अधिक प्रतिभागियों के भाग लेने की उम्मीद है, जिससे यह दुनिया के सबसे बड़े ‘फिनटेक’ (वित्तीय कार्यों में प्रौद्योगिकी का उपयोग) सम्मेलनों में से एक बन जाएगा।

7,500 कंपनियां, 800 वक्ता, 400 प्रदर्शक

इस आयोजन में लगभग 7,500 कंपनियां, 800 वक्ता, 400 प्रदर्शक और भारतीय तथा अंतरराष्ट्रीय क्षेत्राधिकारों का प्रतिनिधित्व करने वाले 70 नियामक भाग लेंगे। भाग लेने वाले अंतरराष्ट्रीय संस्थानों में सिंगापुर का ‘मॉनेटरी अथॉरिटी ऑफ सिंगापुर’, जर्मनी का ‘ड्यूश बुंडेसबैंक’, ‘बैंक डी फ्रांस’ और ‘स्विस फाइनेंशियल मार्केट सुपरवाइजरी अथॉरिटी’ (एफआईएनएमए) जैसे प्रसिद्ध नियामक शामिल हैं। उनकी भागीदारी वित्तीय नीति संवाद और सहयोग के वैश्विक मंच के रूप में जीएफएफ के बढ़ते कद को रेखांकित करती है।

मुंबई मेट्रो लाइन-3 के अंतिम चरण का उद्घाटन

अपनी मुंबई यात्रा के दौरान मोदी नवनिर्मित नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का उद्घाटन भी करेंगे और मुंबई में विभिन्न परियोजनाओं का आरंभ तथा लोकार्पण भी करेंगे। मोदी 37,270 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से निर्मित मुंबई मेट्रो लाइन-3 के अंतिम चरण का उद्घाटन करेंगे। वह 11 सार्वजनिक परिवहन संचालकों के लिए भारत के पहले एकीकृत ‘कॉमन मोबिलिटी ऐप’ ‘मुंबई वन’ की भी शुरुआत करेंगे।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और (आज की ताजा खबर) के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।

Alok Rao
आलोक कुमार राव author

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारो... और देखें

End of Article