मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन परियोजना में अत्याधुनिक इंजीनियरिंग तकनीकों का इस्तेमाल किया जा रहा है। इसी कड़ी में पहाड़ी क्षेत्रों की सुरंगों के प्रवेश और निकास द्वारों पर टनल हूड (Tunnel Hood) लगाए जा रहे हैं। यह तकनीक दुनिया के कई देशों की हाई-स्पीड रेल परियोजनाओं में इस्तेमाल की जाती है और अब भारत में भी इसे अपनाया जा रहा है।
कैसे काम करता है टनल हूड
बुलेट ट्रेन जब बहुत तेज गति से सुरंग में प्रवेश करती है तो उसके कारण हवा के दबाव में अचानक बदलाव होता है। इससे ‘टनल बूम’ (Tunnel Boom) नामक प्रभाव पैदा होता है, जिससे तेज आवाज और दबाव की लहरें बन सकती हैं। टनल हूड इस प्रभाव को कम करने में मदद करते हैं।
सुरंग के मुहानों पर लगाया जाता है टनल हूड
ये विशेष संरचनाएं सुरंग के मुहानों पर लगाई जाती हैं, जिससे हवा का दबाव धीरे-धीरे नियंत्रित होता है। इससे ट्रेन का संचालन अधिक सुचारु और सुरक्षित बनता है तथा यात्रियों को अधिक आरामदायक यात्रा का अनुभव मिलता है। टनल हूड लगाने से सुरंग के अंदर और बाहर दबाव में होने वाले बदलाव को नियंत्रित किया जा सकेगा। इससे न केवल परिचालन दक्षता बढ़ेगी, बल्कि हाई-स्पीड रेल नेटवर्क की गुणवत्ता भी बेहतर होगी।
टाइम्स नाउ नवभारत पर इसे भी पढ़ें- 'INDIA गठबंधन पहले ही जीत चुका है 2029 का लोकसभा चुनाव ', राहुल गांधी का बड़ा दावा; विपक्षी एकजुटता पर भी दिया जोर
मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन परियोजना में इस तकनीक का उपयोग यह दर्शाता है कि भारत विश्वस्तरीय हाई-स्पीड रेल नेटवर्क विकसित करने के लिए वैश्विक स्तर की सर्वोत्तम इंजीनियरिंग पद्धतियों को अपना रहा है। यह कदम आधुनिक, सुरक्षित और आरामदायक रेल यात्रा की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
