देश

'काशी और मथुरा में क्या होगा...', उद्धव ठाकरे ने राम रक्षा आंदोलन किया शुरू; बोले- सत्ता में हैं हिंदुओं को लूटने वाले लोग

Ram Raksha Andolan: शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे ने राम मंदिर चंदा चोरी के खिलाफ रविवार को 'राम रक्षा' आंदोलन शुरू किया। उन्होंने कहा, "हम निडर, मासूम और देश से प्यार करने वाले हिंदू हैं, लेकिन मूर्ख नहीं।"

Image

शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे (फोटो साभार: @ShivSenaUBT_)

Photo : Twitter

Ram Raksha Andolan: शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे ने अयोध्या स्थित राम मंदिर में चंदा चोरी के खिलाफ रविवार को 'राम रक्षा' आंदोलन शुरू किया। इस मौके पर उन्होंने सत्ताधारी भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा, "हिंदुओं को लूटने वाले लोग सत्ता में हैं।"

उद्धव ठाकरे ने राम रक्षा आंदोलन किया शुरू

उद्धव ने मध्य मुंबई के दादर स्थित हनुमान मंदिर में 'हनुमान स्तोत्र' और 'हनुमान चालीसा' का पाठ किया। उन्होंने मंदिर के बाहर एक रैली को संबोधित करते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। भगवा रंग का कुर्ता पहने उद्धव ने कहा कि अगर कोई हिंदुत्व का गलत इस्तेमाल करके मंदिर को लूटता है, तो हिंदू उसे नहीं बख्शेंगे।

उन्होंने कहा, "यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि हिंदुओं को लूटने वाले लोग सत्ता में हैं। किसी लुटेरे से उसकी अपनी लूट की जांच करने के लिए नहीं कहा जा सकता। यह काम निष्पक्ष रूप से किया जाना चाहिए।"

क्या कुछ बोले उद्धव ठाकरे?

शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख ने 'अयोध्या तो झांकी है, काशी-मथुरा अभी बाकी हैं' के नारे का जिक्र करते हुए कहा कि उन्हें इस बात की चिंता है कि काशी और मथुरा में क्या होगा। उद्धव ने कहा, "हम निडर, मासूम और देश से प्यार करने वाले हिंदू हैं, लेकिन मूर्ख नहीं।"

उन्होंने कहा कि शिवसेना के संस्थापक बाल ठाकरे ने हिंदुओं को जगाया था, लेकिन आज उन्हें सम्मोहित किया जा रहा है। राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी का मामला सात जून को सामने आया। मामले की पड़ताल के लिए उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से गठित विशेष जांच दल (SIT) की शुरुआती रिपोर्ट के आधार पर 25 जून को प्राथमिकी दर्ज की गई। इस मामले में मंदिर में चढ़ावे की सुरक्षा और गिनती की प्रक्रिया में शामिल आठ लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article