देश

'राज्य की कानून-व्यवस्था और प्रशासन मेरे नियंत्रण में नहीं, चुनाव आयोग चला रहा राज्य...' मालदा के मुद्दे पर बोलीं भड़कीं ममता

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा है कि इस समय राज्य में न तो कानून-व्यवस्था उनके हाथ में है और न ही प्रशासनिक नियंत्रण उनके पास है। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग अब राज्य की पूरी व्यवस्था की निगरानी कर रहा है।

Image

ममता बनर्जी (फाइल फोटो)

Photo : ANI

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का बड़ा बयान सामने आया है। उनका कहना है कि प्रशासन मेरे हाथ में नहीं है, कानून-व्यवस्था अब चुनाव आयोग के नियंत्रण में है और वे अमित शाह की सुनते हैं। डीजी से लेकर एसपी तक सभी को बदल दिया गया है। मेरी शक्तियां चुनाव आयोग को सौंप दी गई हैं, यह एक तरह से सुपर राष्ट्रपति शासन जैसा है।

उन्होंने आगे कहा कि मालदा की घटना किसने की, मुझे नहीं पता। मुख्य सचिव ने अब तक मुझसे बात नहीं की है। मुझे कोई जानकारी नहीं दी जा रही। एक पत्रकार ने बताया कि घेराव हुआ है।

'यह बीजेपी की योजना है कि चुनाव रद्द कर राष्ट्रपति शासन लागू किया जाए'

उन्होंने नाम हटा दिए हैं, करीब 1 करोड़ नाम हटाए गए हैं, इसलिए हम सुप्रीम कोर्ट गए। सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि ऐसा नहीं हो सकता। हम आपकी कानूनी मदद करेंगे, लेकिन हमें शांतिपूर्ण तरीके से लड़ना होगा। बीजेपी ने कुछ गद्दारों को भड़काने के लिए पैसे दिए हैं। आप उकसावे में न आएं। यह बीजेपी की योजना है कि चुनाव रद्द कर राष्ट्रपति शासन लागू किया जाए।

'अगर आप मुझ पर भरोसा करते हैं तो उकसावे में न आएं'

अगर आप मुझ पर भरोसा करते हैं तो उकसावे में न आएं। बीजेपी ने वोट बांटने के लिए हैदराबाद से लोगों को भेजा है। चुनाव आयोग कानून-व्यवस्था बनाए रखने में विफल रहा है। ऐसा चुनाव आयोग पहले कभी नहीं देखा।

I-PAC से जुड़े कई ठिकानों पर नए सिरे से छापे

वहीं एक अन्य घटनाक्रम में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने गुरुवार को पश्चिम बंगाल कोयला तस्करी मामले के सिलसिले में राजनीतिक कंसल्टेंसी फर्म 'इंडियन पॉलिटिकल एक्शन कमेटी' (I-PAC) से जुड़े कई ठिकानों पर नए सिरे से छापे मारे।इस कथित घोटाले की एजेंसी की चल रही जांच के तहत हैदराबाद, बेंगलुरु और दिल्ली में छापे मारे। अधिकारियों ने बताया कि I-PAC से जुड़े कई ठिकानों पर एक साथ तलाशी ली जा रही थी। इस कार्रवाई के दौरान I-PAC के निदेशकों में से एक ऋषि राज सिंह के बेंगलुरु स्थित ठिकाने पर भी ED ने तलाशी ली।

Ravi Vaish
रवि वैश्यauthor

रवि वैश्य टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर कार्यरत एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता में 20 वर्षों का व्यापक अनुभव हासिल है। खबरों की बारीकियों को समझने और तेजी से प्रस्तुत करने में उनकी विशेष दक्षता है। टीवी पत्रकारिता में रिपोर्टिंग और डेस्क—दोनों क्षेत्रों में अनुभव होने के कारण वे समाचारों को बहुआयामी दृष्टिकोण से देखते हैं। देश–दुनिया की ताजातरीन अपडेट्स, ब्रेकिंग न्यूज, एक्सप्लेनर और विशेष स्टोरीज तैयार करने में वे सिद्धहस्त हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रही है कि हर खबर तेज, सटीक और जानकारीपूर्ण रूप में पाठकों तक पहुंचे। रवि वैश्य अब तक 22,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स, इंटरव्यू, ग्राउंड रिपोर्ट्स, विश्लेषण और एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article