कर्नाटक में 12वीं सदी के समाज सुधारक बसवेश्वर पर अपमानजनक टिप्पणी को लेकर विवाद बढ़ता जा रहा है। अब इस मामले में लेखक रवि हंज (Ravi Hanz) को जान से मारने की खुली धमकी दी गई है। एक लिंगायत नेता ने ऐलान किया है कि जो भी रवि हंज की हत्या करेगा, उसे 5 लाख रुपये का इनाम दिया जाएगा। इस बयान के बाद राज्य में हलचल मच गई है। हालांकि, एक मठ के संत ने इस धमकी की कड़ी निंदा करते हुए लोगों से इसे गंभीरता से न लेने की अपील की है।
'हत्या करने वाले को दूंगा 5 लाख रुपये'
यह पूरा मामला बेलगावी जिले के अथणी का है। शनिवार को यहां बसवेश्वर और लिंगायत समुदाय से जुड़े मुद्दे पर एक विरोध सभा आयोजित की गई थी। इस दौरान लिंगायत नेता प्रकाश महाजन (Prakash Mahajan) ने खुले मंच से लेखक रवि हंज की हत्या करने की बात कही। प्रकाश महाजन ने कहा कि जो भी रवि हंज को मार देगा, उसे वह 5 लाख रुपये देंगे। उन्होंने सभा में अपना मोबाइल नंबर भी बताया और कहा कि हत्या करने के बाद उनसे संपर्क करने पर इनाम की रकम दी जाएगी। उन्होंने अपने भाषण के अंत में भी इस धमकी को दोहराया।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: आज से दो दिन के लिए भारत दौरे पर नेपाल पीएम
पत्रकार गौरी लंकेश की हत्या का भी जिक्र
महाजन ने इस दौरान विद्वान एमएम कलबुर्गी और पत्रकार गौरी लंकेश की हत्याओं का भी जिक्र किया। उन्होंने आरोप लगाया कि इन हत्याओं को अंजाम देने वाले लोग गिरफ्तार हुए, लेकिन पर्दे के पीछे से उनका समर्थन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने उस समय की सरकार पर भी कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाया।
मठ के संत ने बयान की निंदा की
महाजन के बयान के बाद मोटागी मठ के प्रमुख प्रभु चन्नबसव स्वामी ने हस्तक्षेप किया। उन्होंने किसी का सिर काटने या हत्या करने की अपील की निंदा की। साथ ही लोगों से कहा कि वे प्रकाश महाजन की बातों को गंभीरता से न लें।
किताब और इंटरव्यू से शुरू हुआ विवाद
दरअसल, यह विवाद लेखक रवि हंज की किताब 'बसव मंटप' और उनके हालिया इंटरव्यू के बाद शुरू हुआ। आरोप है कि इंटरव्यू में उन्होंने 12वीं सदी के समाज सुधारक बसवेश्वर और उनके विचारों के खिलाफ अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया। इससे लिंगायत समुदाय के लोगों में नाराजगी फैल गई और कई जगह विरोध प्रदर्शन शुरू हो गए। प्रदर्शन के दौरान प्रकाश महाजन ने पत्रकार विश्वेश्वर भट पर भी निशाना साधा और उन पर रवि हंज का समर्थन करने का आरोप लगाया।
सरकार ने किताब जब्त करने का दिया आदेश
विवाद बढ़ने के बाद कर्नाटक सरकार ने 'बसव मंटप' किताब को जब्त करने का आदेश दिया है और लेखक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इस मामले में रवि हंज को केरल के कोच्चि से गिरफ्तार किया गया है।
