Encounter in Poonch: जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले के एक गांव में आतंकवादियों और सुरक्षा बलों के बीच थोड़ी देर के लिए गोलीबारी हुई। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। यहां 2 से 3 आतंकियों के छुपे होने की खबर है। सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके को घेर लिया है। अधिकारियों ने बताया कि सोमवार रात सुरनकोट के लसाना गांव में गोलीबारी की घटना हुई। सुरक्षा बलों ने आतंकवादियों की मौजूदगी की सूचना मिलने के बाद तलाशी अभियान शुरू किया।
सेना की जम्मू स्थित व्हाइट नाइट कोर ने एक्स पर लिखा, कल रात सुरनकोट के लसाना में पुलिस के साथ संयुक्त अभियान के दौरान आतंकवादियों की मौजूदगी की सूचना मिली। अतिरिक्त जवानों को शामिल किया गया है और आतंकवादियों को भागने से रोकने के लिए तलाशी अभियान जारी है।
अधिकारियों ने बताया कि गोलीबारी में सेना का एक जवान घायल हो गया, जिसे बाद में अस्पताल ले जाया गया।
