Tamil Nadu Karur Stampede: तमिलनाडु बीजेपी नेता विनोज पी सेल्वम ने रविवार को तमिलनाडु वेत्री काझगम (TVK) के प्रमुख और अभिनेता विजय की आलोचना की। उन्होंने कहा कि हाल ही में हुई भगदड़ के बाद विजय ने पीड़ित परिवारों को सांत्वना देने और घायलों से मिलने के लिए करूर नहीं गए।
39 लोगों की गई थी जान
तमिलनाडु के करूर में शनिवार को TVK के अध्यक्ष और अभिनेता विजय की रैली में भगदड़ की इस घटना में 39 लोगों की मौत हो गई थी।
विजय पर BJP का हमला
X पर एक तीखी टिप्पणी वाले पोस्ट में सेल्वम ने दावा किया कि विजय को छोड़कर सभी राजनीतिक दलों के नेता या प्रतिनिधि रात में ही करूर पहुंच गए थे। उन्होंने कहा कि TVK प्रमुख ऐसा व्यवहार कर रहे थे जैसे उनका और प्रभावित लोगों का कोई संबंध ही नहीं है।
पोस्ट में कहा गया, 'अभिनेता विजय, जो करूर से कार से तिरुचि गए, फिर वहां से फ्लाइट से चेन्नई और फिर कार से पानायूर आए, वह चुपचाप घर पर बैठे हैं, जैसे उनका और प्रभावित लोगों का कोई संबंध ही नहीं है।'
युवा शक्ति का नेता कैसे?
पार्टी प्रमुख की जवाबदेही पर सवाल उठाते हुए, सेल्वम ने पूछा कि ऐसे व्यक्ति को तमिल समुदाय के युवा शक्ति का नेता कैसे माना जा सकता है। पोस्ट में कहा गया,'क्या आपने ऐसे व्यक्ति को तमिल समुदाय के युवा शक्ति का नेता मान लिया है!! शर्म करो!!'
इस बीच, विदुथलाई चिरुथाइगल पार्टी (VCK) के अध्यक्ष और सांसद थोल थिरुमावलवन ने तमिलनाडु के करूर में हुई इस दुखद भगदड़ पर गहरा दुख व्यक्त किया और राज्य सरकार से पीड़ितों को मिलने वाले मुआवजे की राशि बढ़ाने की अपील की।
