आम आदमी पार्टी ने अपनी ही सांसद स्वाति मालीवाल पर बड़ा आरोप लगा दिया है। आप ने दावा किया है कि स्वाति मालीवाल कथित मारपीट वाले दिन भाजपा के इशारे पर दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल को फंसाने आईं थीं। वो बिना अनुमति के केजरीवाल के घर आईं थीं।
बीजेपी ने साजिश रची थी- आतिशी
आप सांसद स्वाति मालीवाल मारपीट मामले पर आप नेता और दिल्ली की मंत्री आतिशी ने एक प्रेस कांफ्रेंस में कहा- "जब से अरविंद केजरीवाल को जमानत मिली है, बीजेपी बौखला गई है। इसी के चलते बीजेपी ने साजिश रची, जिसके तहत स्वाति मालीवाल को अरविंद केजरीवाल के घर भेजा गया। 13 मई की सुबह स्वाति मालीवाल इस साजिश का चेहरा और मोहरा थीं। उनका इरादा सीएम पर आरोप लगाने का था लेकिन उस वक्त सीएम वहां नहीं थे। इसके बाद स्वाति मालीवाल ने अपनी शिकायत में विभव कुमार पर आरोप लगाया। पुलिस से उन्होंने कहा कि उनके साथ मारपीट की गई। आज जो वीडियो सामने आया है उसमें वह (सीएम आवास के) ड्राइंग रूम में आराम से बैठी हैं और पुलिस अधिकारियों को धमकी दे रही हैं वीडियो में न तो कपड़े फटे हुए थे और न ही उनके सिर पर कोई चोट देखी जा सकती है।''
आतिशी ने क्या किया दावा
आतिशी ने कहा कि वीडियो में दिख रहा है कि मालीवाल, बिभव कुमार को धमकी दे रही हैं, उनके द्वारा लगाए गए आरोप आधारहीन हैं। आतिशी ने कहा कि घटना वाले दिन स्वाति मालीवाल ने अरविंद केजरीवाल से मुलाकात करने पर जोर दिया था, उनके सहयोगी बिभव कुमार ने कहा था कि मुख्यमंत्री व्यस्त हैं। जिसके बाद मालीवाल ने चीखना शुरू कर दिया और अंदर दाखिल होने की कोशिश की।
वीडियो के हवाले आतिशी का दावा
आतिशी ने कहा कि स्वाति मालीवाल ने आरोप लगाया कि वो दर्द से कराह रही थी। पुलिस को बार बार कॉल किया गया है। लेकिन वीडियो में स्वाति मालीवाल बिलकुल ठीक बैठी हुई हैं। वो सिक्योरिटी के लोगों को धमका रही हैं। विभव कुमार को धमका रही हैं। उनके कपड़े फटे हुए नहीं है। वीडियो में सिर्फ उनकी धमकी दिखाई दे रही है। आतिशी ने कहा कि आज के इस वीडियो ने साफ कर दिया है कि स्वाति मालीवाल के लगाए गए सारे आरोप बेबुनियाद हैं।
