Palamu News: झारखंड के पलामू जिले से एक हैरान कर देने वाला और सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा वीडियो सामने आया है। यहां विश्रामपुर विधानसभा क्षेत्र से राष्ट्रीय जनता दल के विधायक नरेश प्रसाद सिंह को एक ग्रामीण के पीठ पर बैठकर नदी पार करना महंगा पड़ गया। बीच धारा में ग्रामीण का संतुलन अचानक बिगड़ गया, जिसके बाद विधायक जी समेत दोनों सीधे पानी में जा गिरे। यह घटना इलाके में चर्चा का विषय बन गई है और लोग इस पर जमकर प्रतिक्रिया दे रहे हैं।
धार्मिक समारोह में शामिल होने जा रहे थे विधायक
प्राप्त जानकारी के अनुसार, राजद विधायक नरेश प्रसाद सिंह पलामू के घासीदाग पंचायत के घासीदाग गांव में आयोजित एक स्थानीय धार्मिक समारोह में शामिल होने के लिए पहुंचे थे। गांव तक पहुंचने के रास्ते में धुरिया नदी पड़ती है, जिस पर लंबे समय से पक्का पुल न होने के कारण ग्रामीणों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। नदी में पानी का स्तर होने के कारण विधायक ने खुद पैदल पार करने के बजाय स्थानीय ग्रामीणों की मदद लेने का फैसला किया। एक ग्रामीण ने उन्हें अपने कंधों पर बैठा लिया और नदी पार कराने लगा।
बीच धारा में डगमगाए कदम, दोनों पानी में धड़ाम
जब ग्रामीण विधायक को अपने कंधों पर लादकर नदी की बीच धारा में पहुंचा, तो पानी के बहाव और वजन के कारण अचानक उसका संतुलन डगमगा गया। इससे पहले कि कोई संभल पाता, ग्रामीण का पैर फिसला और विधायक नरेश प्रसाद सिंह सीधे नदी के पानी में मुंह के बल जा गिरे। उनके साथ कंधे पर बैठाने वाला ग्रामीण भी पानी में गिर गया। गनीमत रही कि किसी को चोट नहीं लगी।
पुल की मांग कर रहे ग्रामीण
इस घटना ने एक बार फिर ग्रामीण इलाकों की बदहाल बुनियादी संरचना और प्रशासनिक दावों की पोल खोल दी है। ग्रामीणों का कहना है कि वे वर्षों से धुरिया नदी पर एक पक्के पुल के निर्माण की मांग कर रहे हैं, लेकिन जनप्रतिनिधियों और प्रशासन की उदासीनता के कारण आज भी लोगों को जान जोखिम डालकर इस तरह नदी पार करने को मजबूर होना पड़ता है। विडंबना यह रही कि जिस पुल के अभाव में आम जनता परेशान होती है, आज उसी लाचारी का शिकार खुद क्षेत्र के विधायक को भी होना पड़ गया।
